डेस्क : महाराष्ट्र में खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन और मिलावट के खिलाफ चल रहे अभियान को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का खुला समर्थन मिला है। फडणवीस ने फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) के कमिश्नर तुकाराम मुंढे की कार्रवाई की सराहना करते हुए साफ कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
फडणवीस ने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट लोगों के स्वास्थ्य और जीवन के लिए गंभीर खतरा है। ऐसे मामलों में सख्ती जरूरी है और मिलावट करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जा सकता। उन्होंने FDA की मौजूदा कार्रवाई को सही दिशा में बताया।
बड़े प्रतिष्ठानों पर भी FDA की नजर
तुकाराम मुंढे के मई में FDA कमिश्नर का पद संभालने के बाद विभाग ने खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान तेज किया है। महाराष्ट्र के कई बड़े रेस्टोरेंट, होटल, क्लब, कैफे, आइसक्रीम पार्लर और डिलीवरी प्लेटफॉर्म के वेयरहाउस FDA की जांच और कार्रवाई के दायरे में आए हैं। कई प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।
मुंढे की कार्रवाई को लेकर जहां खाद्य सुरक्षा के लिहाज से समर्थन मिला है, वहीं उनके तौर-तरीकों पर सवाल भी उठे हैं। बॉम्बे हाईकोर्ट ने कुछ मामलों में FDA की कार्रवाई को लेकर सख्त टिप्पणियां की हैं और अत्यधिक कठोर कार्रवाई से बचने की नसीहत दी है।
Vimal Elaichi मामले में तीन अभिनेताओं को नोटिस
खाद्य एवं तंबाकू उत्पादों से जुड़े नियमों को लेकर FDA ने हाल में अभिनेता शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को Vimal Elaichi के विज्ञापन में उनकी भूमिका को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया था। FDA का कहना है कि यह विज्ञापन प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों के सरोगेट प्रचार से जुड़ा हो सकता है। तीनों से 15 दिनों के भीतर जवाब मांगा गया है।
मुख्यमंत्री फडणवीस के समर्थन के बाद माना जा रहा है कि महाराष्ट्र में खाद्य सुरक्षा को लेकर FDA का अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा। सरकार का स्पष्ट संदेश है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और लोगों के स्वास्थ्य से किसी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।








