ट्रंप का कनाडा पर हमला, बोले- राज्य बने बिना स्टेट जैसे फायदे चाहता है कनाडा

0

डेस्क : अमेरिका और कनाडा के बीच व्यापारिक तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। व्यापार वार्ता टूटने के एक दिन बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अमेरिका का राज्य बने बिना एक राज्य जैसी सुविधाओं का लाभ लेना चाहता है। ट्रंप लंबे समय से कनाडा को अमेरिका का 51वां राज्य बनाने की बात कहते रहे हैं।

ट्रंप ने रविवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कहा, “कनाडा राज्य बने बिना राज्य होने के फायदे चाहता है।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कनाडा वर्षों से अमेरिकी किसानों पर भारी शुल्क लगाता रहा है। ट्रंप ने स्पष्ट संकेत दिया कि अब अमेरिका इसे स्वीकार नहीं करेगा।

ट्रंप की टिप्पणी ऐसे समय आई है जब कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने अमेरिका की ओर से लगाए गए 50 प्रतिशत शुल्क के जवाब में अमेरिकी उत्पादों पर समान स्तर के जवाबी शुल्क लगाने की घोषणा की है। कार्नी ने कहा कि कनाडा अमेरिकी शुल्क का “डॉलर के बदले डॉलर” जवाब देगा। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य कनाडाई कामगारों, किसानों, परिवारों और कारोबारियों की रक्षा करना है।

कार्नी ने अमेरिका के साथ मौजूदा स्थिति को व्यापार युद्ध बताते हुए कहा कि जब किसी देश पर हमला होता है तो वह युद्ध जैसी स्थिति होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिकी प्रशासन की अंतिम समय की मांगों के कारण बातचीत आगे नहीं बढ़ सकी।

अंतिम समय की मांगों से बिगड़ी बात

कार्नी के मुताबिक, अमेरिका ने हाल के दिनों में ऐसी नई शर्तें रखीं जो कनाडा के लिए आर्थिक रूप से नुकसानदेह और अनुचित थीं। इन शर्तों में कनाडा की दूसरे देशों के साथ नए व्यापार समझौते करने की क्षमता को सीमित करने की मांग भी शामिल थी।

वाहनों पर शुल्क बना विवाद की बड़ी वजह

व्यापार वार्ता टूटने की एक प्रमुख वजह कनाडा के मध्यम और भारी वाहनों पर अमेरिकी शुल्क में राहत की मांग भी बताई जा रही है। रिपोर्ट के अनुसार, दोनों देशों के बीच कारों, स्टील, एल्युमिनियम और लकड़ी पर शुल्क कम करने को लेकर एक संभावित समझौते की रूपरेखा तैयार हो गई थी, लेकिन बड़े वाहनों को लेकर अंतिम समय में मतभेद सामने आ गए।

कनाडा चाहता था कि सामान्य ऑटो शुल्क को 25 प्रतिशत से घटाकर 15 प्रतिशत करने की प्रस्तावित राहत मध्यम और भारी वाहनों पर भी लागू की जाए। इनमें बड़े पिकअप ट्रक और व्यावसायिक वाहन शामिल हैं। अमेरिका ने इस मांग को स्वीकार नहीं किया।

इसके बाद अमेरिका ने शनिवार को करीब 20 अरब डॉलर मूल्य के कनाडाई सामान पर 50 प्रतिशत शुल्क लगा दिया। जवाब में कनाडा ने 8 सितंबर से अमेरिकी उत्पादों पर समान स्तर के जवाबी शुल्क लगाने की घोषणा की है। इनमें स्टील, डेयरी उत्पाद, घरेलू उपकरण, कृषि उपकरण, पल्प एवं पेपर तथा इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

दोनों पड़ोसी देशों के बीच बढ़ता व्यापार तनाव अब उत्तरी अमेरिका की अर्थव्यवस्था और दोनों देशों के कारोबार पर दबाव बढ़ा सकता है।