पीएम मोदी ने ओणम और मिलाद-उन-नबी पर दी शुभकामनाएं, सुख-समृद्धि और सौहार्द की कामना

0

नई दिल्ली :  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को ओणम और मिलाद-उन-नबी के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने दोनों पर्वों को खुशी, एकजुटता, समृद्धि, करुणा और सामाजिक सौहार्द की भावना को मजबूत करने वाला बताया।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर ओणम की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह जीवंत पर्व दुनियाभर में बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने कामना की कि ओणम लोगों के जीवन में खुशियां, साथ और समृद्धि लेकर आए।

मिलाद-उन-नबी के अवसर पर प्रधानमंत्री ने देशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व समाज में एकजुटता और आनंद को बढ़ावा दे। उन्होंने लोगों से दया और समाज के प्रति योगदान की भावना को सदैव मार्गदर्शक बनाए रखने का आह्वान किया।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी ओणम के अवसर पर केरल के लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पावन अवसर सभी के जीवन में शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी ओणम और मिलाद-उन-नबी पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ओणम को केरल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं का उत्सव बताते हुए कहा कि यह पर्व लोगों को खुशी और उत्सव के माध्यम से जोड़ता है तथा एकता, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि ओणम प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का भी अवसर है और कामना की कि यह फसल पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।

मिलाद-उन-नबी पर राजनाथ सिंह ने शांति और समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि समाज में सद्भाव और करुणा की भावना और मजबूत होनी चाहिए। उन्होंने देशवासियों को ईद की मुबारकबाद भी दी।