वाशिंगटन/तेहरान : अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 20 वर्षीय बेटे बैरन ट्रंप को लेकर एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। ईरानी सरकारी टेलीविजन पर प्रसारित एक वीडियो में बैरन को निशाना बनाने की बात कही गई है और उनके खिलाफ 10 मिलियन डॉलर यानी करीब 96 करोड़ रुपये के इनाम का दावा किया गया है।
रिपोर्टों के मुताबिक, यह वीडियो ईरान के सरकारी टेलीविजन के चैनल-3 पर प्रसारित हुआ और इसे ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) से जुड़े मीडिया से जोड़ा जा रहा है। वीडियो का शीर्षक ‘Where to Kill Barron Trump?’ बताया गया है। इसमें बैरन की गतिविधियों और उनके आसपास की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई दावे किए गए हैं।
वीडियो में दावा किया गया कि बैरन की गतिविधियों पर पूरी नजर रखी जा रही है। इसमें उनके विश्वविद्यालय, सुरक्षा वाहनों और सीक्रेट सर्विस से जुड़े सुरक्षा इंतजामों का कथित तौर पर जिक्र किया गया। रिपोर्टों के अनुसार, वीडियो में उनके ऑनलाइन गेमिंग और सोशल मीडिया से जुड़े अकाउंट्स का भी उल्लेख किया गया। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
सीक्रेट सर्विस ने लिया संज्ञान
अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने इस वीडियो की जानकारी होने की पुष्टि की है। एजेंसी के प्रवक्ता के अनुसार, सुरक्षा एजेंसी अपने संरक्षित व्यक्तियों से जुड़े सभी संभावित खतरों की जांच करती है, हालांकि सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की जाती।
बैरन और उनकी मां मेलानिया ट्रंप को अमेरिकी सीक्रेट सर्विस की सुरक्षा प्राप्त है। इससे पहले भी ईरानी सरकारी मीडिया की ओर से मेलानिया ट्रंप को निशाना बनाते हुए एक वीडियो प्रसारित किए जाने की खबर सामने आई थी।
अमेरिका-ईरान तनाव के बीच बढ़ी तल्खी
बैरन ट्रंप को लेकर सामने आया यह वीडियो ऐसे समय में आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ा हुआ है। अमेरिकी प्रशासन की ओर से ईरान पर आर्थिक दबाव बढ़ाने की कोशिशें जारी हैं, जबकि तेहरान ने अमेरिकी कदमों को चुनौती देने वाला रुख अपनाया है। ऐसे माहौल में ट्रंप परिवार के सदस्यों को निशाना बनाने वाले संदेशों ने सुरक्षा और कूटनीतिक चिंताओं को और बढ़ा दिया है।








