डेस्क : समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की रामपुर जेल से रिहाई के कुछ ही देर बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आजम खान अपने बेटे अब्दुल्ला आजम के साथ जेल से बाहर निकले ही थे कि ईडी की टीम ने उन्हें अपनी हिरासत में ले लिया। इस घटनाक्रम से राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई।
गौरतलब है कि दो पैनकार्ड मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने गुरुवार को आजम खान की जमानत याचिका मंजूर कर ली थी। इसके बाद आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला की ओर से एमपी-एमएलए सेशन कोर्ट और मजिस्ट्रेट कोर्ट में अलग-अलग मामलों में जमानतदारों के दस्तावेज दाखिल किए गए थे। अदालत ने इनके सत्यापन के लिए पुलिस और राजस्व प्रशासन को निर्देश दिए थे।
शुरुआत में शुक्रवार को ही दोनों की रिहाई की संभावना जताई जा रही थी, लेकिन एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट से रिहाई परवाने जारी नहीं हो पाने के कारण प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। हालांकि, एमपी-एमएलए सेशन कोर्ट ने आजम खान के विचाराधीन पांच मुकदमों में रिहाई परवाने जारी कर दिए थे। इसके चलते उनकी रिहाई एक दिन के लिए टल गई थी।
शनिवार को सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आजम खान और अब्दुल्ला आजम रामपुर जेल से बाहर आए। हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद से ही सपा समर्थकों में उत्साह था और उनके स्वागत की तैयारियां की जा रही थीं। समर्थकों को उम्मीद थी कि जेल से बाहर आने के बाद आजम खान का जोरदार स्वागत होगा, लेकिन रिहाई के तुरंत बाद ईडी की गिरफ्तारी ने पूरे घटनाक्रम को बदल दिया। खुशी का माहौल देखते ही देखते मायूसी में बदल गया।









