बाढ़ के बाद पहली विदेश यात्रा पर भारत आएंगे नेपाल के पीएम बालेन शाह

0

डेस्क : नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह अपनी पहली विदेश यात्रा पर भारत आ सकते हैं। नेपाल के वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले ने संकेत दिया है कि प्रधानमंत्री शाह की पहली विदेश यात्रा भारत की होगी। हालांकि, यात्रा की तारीख अभी तय नहीं हुई है और इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच चर्चा जारी है।

मार्च 2026 में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद बालेन शाह की यह पहली विदेश यात्रा होगी। अब तक उन्होंने भारत या चीन का दौरा नहीं किया है। ऐसे में उनके प्रस्तावित भारत दौरे को दोनों पड़ोसी देशों के बीच संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

नेपाल में बाढ़ के बाद अहम दौरा

बालेन शाह का भारत दौरा ऐसे समय प्रस्तावित है, जब नेपाल हाल में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित है। बाढ़ और ग्लेशियर टूटने की घटनाओं से कई इलाकों में भारी नुकसान हुआ है। सड़क और पुल समेत बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है और कई लोगों के लापता होने की खबर है।

आपदा के बाद भारत ने नेपाल की मदद के लिए सहयोग का भरोसा दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बालेन शाह से फोन पर बातचीत कर नेपाल में हुई जनहानि पर संवेदना जताई और हरसंभव मानवीय सहायता उपलब्ध कराने की पेशकश की थी।

राहत और द्विपक्षीय संबंधों पर हो सकती है चर्चा

माना जा रहा है कि भारत यात्रा के दौरान बालेन शाह और भारतीय नेतृत्व के बीच नेपाल में राहत एवं पुनर्वास के अलावा दोनों देशों के आपसी संबंधों से जुड़े मुद्दों पर भी बातचीत हो सकती है। भारत और नेपाल के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंध हैं।

नेपाल के वित्त मंत्री के बयान के बाद अब बालेन शाह की भारत यात्रा की तारीख को लेकर औपचारिक घोषणा का इंतजार है।