डेस्क : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी संभालने के बाद आंदोलनों और आतंकवाद जैसी चुनौतियों से निपटना उनके भाग्य में लिखा था। एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान भी देश के सामने कई असाधारण चुनौतियां थीं और सरकार ने उनका मजबूती से सामना किया।
शाह ने कोरोना काल का जिक्र करते हुए बताया कि उस समय देशव्यापी कर्फ्यू लागू कराना बड़ी चुनौती थी। अहमदाबाद में लोगों तक कर्फ्यू की सूचना पहुंचाने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस वाहनों पर लाउडस्पीकर लगाए गए थे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने कोरोना संकट का प्रभावी ढंग से सामना किया। भारत ने न केवल तेजी से वैक्सीन विकसित की, बल्कि करीब 70 देशों तक वैक्सीन पहुंचाकर अन्य देशों की भी मदद की।
गृह मंत्री ने युवाओं से देश की क्षमताओं पर भरोसा रखने और हीनभावना से बाहर निकलकर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।








