फेक बयान को लेकर गरमाई सियासत, गौरव भाटिया ने सौरव दास को दी चेतावनी

0

डेस्क :  सोशल मीडिया पर कथित फर्जी पोस्ट साझा करने को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता सौरव दास और भाजपा नेता गौरव भाटिया के बीच विवाद सामने आया है। गौरव भाटिया ने सौरव दास द्वारा साझा की गई एक पोस्ट को फर्जी बताते हुए उसे हटाने और बिना शर्त माफी मांगने की मांग की है।

मामला उस समय सामने आया, जब सौरव दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक तस्वीर साझा की। तस्वीर में गौरव भाटिया की तस्वीर के साथ उनके नाम से एक कथित बयान लिखा था। पोस्ट में एक व्यक्ति को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का दावा किया गया था।

पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए गौरव भाटिया ने इसे फर्जी बताया और सौरव दास को पोस्ट हटाने के साथ सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को कहा। इसके बाद संबंधित पोस्ट को हटा दिया गया।

भाटिया ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि पोस्ट हटाने में करीब 83 मिनट का समय लगा। उन्होंने कहा कि केवल पोस्ट डिलीट कर देने से मामला समाप्त नहीं होता और बिना शर्त माफी मांगना जरूरी है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसा नहीं होने पर वह प्राथमिकी दर्ज कराने समेत कानूनी कार्रवाई करेंगे।

इसके बाद दोनों पक्षों के बीच सोशल मीडिया पर बयानबाजी और तेज हो गई। सौरव दास की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई, जिसमें उन्होंने भाटिया पर टिप्पणी की। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर सोशल मीडिया पर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

गौरव भाटिया ने कथित फर्जी बयान के इस्तेमाल को गंभीर मामला बताते हुए कानूनी कार्रवाई की बात कही है। हालांकि, इस मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर संबंधित पक्षों की ओर से आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।