ट्रंप से मुलाकात करेंगे शहबाज शरीफ, सिंधु जल संधि पर हो सकती है चर्चा

0

डेस्क :  पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ संयुक्त राष्ट्र महासभा के आगामी सत्र के दौरान अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात कर सकते हैं। दोनों नेताओं की मुलाकात 23 सितंबर को न्यूयॉर्क में आयोजित होने वाले एक विशेष रात्रिभोज के दौरान होने की संभावना है। इस रात्रिभोज का आयोजन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप की ओर से संयुक्त राष्ट्र महासभा में भाग लेने वाले राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों के सम्मान में किया जाएगा।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, शहबाज शरीफ को इस कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया है। माना जा रहा है कि इस दौरान उन्हें विभिन्न देशों के नेताओं से मुलाकात का अवसर मिलेगा। ट्रंप के साथ संभावित बैठक में पाकिस्तान की ओर से सिंधु जल संधि का मुद्दा उठाए जाने की संभावना है। भारत द्वारा संधि को लेकर उठाए गए कदमों पर पाकिस्तान पहले भी आपत्ति जता चुका है।

शहबाज शरीफ 25 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करेंगे। उनके भाषण में भी भारत और सिंधु जल संधि से जुड़े मुद्दों का उल्लेख किए जाने की संभावना है।

ट्रंप और शहबाज की यह मुलाकात फरवरी में वाशिंगटन में हुई ‘बोर्ड ऑफ पीस’ की बैठक के बाद आमने-सामने की एक अहम बैठक होगी। दोनों नेता इससे पहले सितंबर 2025 में व्हाइट हाउस और अक्टूबर 2025 में मिस्र के शर्म अल-शेख में आयोजित शांति सम्मेलन के दौरान भी मुलाकात कर चुके हैं।

हाल के दिनों में भारत और चीन के बीच बढ़ती कूटनीतिक नजदीकी को लेकर पाकिस्तान की चिंताएं भी बढ़ी हैं। ऐसे में शहबाज शरीफ की ट्रंप के साथ संभावित बैठक को पाकिस्तान की अमेरिकी कूटनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।