डेस्क : अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा ने दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के साथ काम करने के दिनों को याद करते हुए बताया कि दोनों एक और फिल्म में साथ नजर आने वाले थे। हालांकि, किसी वजह से वह फिल्म बन नहीं पाई। परिणीति और सुशांत ने वर्ष 2013 में रिलीज हुई फिल्म ‘शुद्ध देसी रोमांस’ में साथ काम किया था।
परिणीति ने बताया कि ‘शुद्ध देसी रोमांस’ की शूटिंग के दौरान उनकी और सुशांत की अच्छी दोस्ती हो गई थी। दोनों के बीच फिल्मों के अलावा विज्ञान, अर्थशास्त्र और पढ़ाई जैसे विषयों पर भी बातचीत होती थी। अभिनेत्री के मुताबिक, सुशांत को नई चीजों के बारे में जानने और अलग-अलग विषयों पर चर्चा करने में काफी दिलचस्पी थी।
राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर सुशांत ने जताई थी खुशी
परिणीति ने उस समय की एक याद भी साझा की, जब उन्हें फिल्म ‘इश्कजादे’ में अभिनय के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने की घोषणा हुई थी। उन्होंने बताया कि उस समय वह सुशांत सिंह राजपूत और ऋषि कपूर के साथ शूटिंग कर रही थीं।
पुरस्कार की खबर सुनकर सुशांत बेहद खुश हुए थे। परिणीति के मुताबिक, उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें गले लगाया था और मजाकिया अंदाज में कहा था कि अब वह राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेत्री के साथ काम कर रहे हैं। परिणीति ने सुशांत को अपना दोस्त और ‘चीयरलीडर’ बताया।
होमी अदजानिया की फिल्म में साथ काम करना था
परिणीति ने बताया कि ‘शुद्ध देसी रोमांस’ के बाद वह और सुशांत निर्देशक होमी अदजानिया की एक फिल्म में फिर साथ काम करने वाले थे। दोनों को फिल्म में मुख्य भूमिकाओं के लिए चुना गया था, लेकिन बाद में यह परियोजना आगे नहीं बढ़ सकी।
अभिनेत्री ने सुशांत को याद करते हुए कहा कि दोनों की पृष्ठभूमि भले ही अलग थी, लेकिन उनकी आपस में अच्छी समझ थी। सुशांत की जिज्ञासा और अलग-अलग विषयों में उनकी रुचि उन्हें खास बनाती थी।
इस बीच, परिणीति चोपड़ा की वेब सीरीज ‘शक : ट्रस्ट नो वन’ 24 सितंबर को ओटीटी मंच पर रिलीज हो गई है। यह उनकी पहली वेब सीरीज है।








