स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय क्रिकेट के चार चर्चित कप्तानों कपिल देव, एमएस धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा में से महान कप्तान चुनने को कहा गया तो पूर्व क्रिकेटर योगराज सिंह ने एमएस धोनी का नाम लिया। खास बात यह रही कि योगराज लंबे समय से धोनी की आलोचना करते रहे हैं और उनके बेटे युवराज सिंह के करियर को लेकर भी पूर्व कप्तान पर सवाल उठाते रहे हैं।
कपिल देव को लेकर भी कही बड़ी बात
योगराज सिंह ने कहा कि वह हमेशा चाहते थे कि कपिल देव को कप्तान के रूप में लंबा कार्यकाल मिले। उन्होंने बताया कि वह कपिल के साथ स्कूल क्रिकेट से लेकर भारतीय टीम तक खेल चुके हैं। योगराज के मुताबिक, अगर कपिल को दो सीरीज हारने के बाद कप्तानी से नहीं हटाया जाता और लंबा मौका मिलता, तो वह महान कप्तान बन सकते थे।
धोनी की इन खूबियों के कायल हैं योगराज
एमएस धोनी की कप्तानी की तारीफ करते हुए योगराज ने कहा कि उन्हें धोनी का शांत स्वभाव और दबाव की स्थिति में भी नहीं घबराने की क्षमता पसंद है। उन्होंने खिलाड़ियों को संभालने के धोनी के तरीके को भी परिपक्व बताया। योगराज ने कहा कि उन्होंने जितने कप्तानों को देखा है, उनमें धोनी उनके हिसाब से सबसे बेहतर कप्तानों में रहे हैं।
धोनी की कप्तानी में भारत ने 2007 का टी20 विश्व कप, 2011 का वनडे विश्व कप और 2013 की चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी। वह तीनों प्रमुख आईसीसी सीमित ओवरों की ट्रॉफी जीतने वाले भारत के एकमात्र कप्तान हैं।
कोहली और रोहित की कप्तानी का भी जिक्र
योगराज सिंह ने विराट कोहली और रोहित शर्मा की कप्तानी का भी उल्लेख किया। कोहली ने 2013 से 2022 के बीच 213 मैचों में भारत की कप्तानी की, जबकि रोहित ने 2017 से 2025 के बीच 142 मैचों में टीम की कमान संभाली। रोहित की कप्तानी में भारत ने 2024 का टी20 विश्व कप और 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी जीती।








