‘इंडिया’ गठबंधन में बढ़ी हलचल, ३० सितंबर को दिल्ली में बैठक की तैयारी

0

नई दिल्ली :चुनाव आयोग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर विपक्षी दलों के बीच राजनीतिक सक्रियता बढ़ गई है। इसी बीच ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों की 30 सितंबर को नई दिल्ली में बैठक होने की संभावना है। बैठक में चुनाव आयोग से जुड़े हालिया घटनाक्रम, विशेष गहन पुनरीक्षण और विपक्ष की आगे की रणनीति पर चर्चा होने की उम्मीद है।

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से बातचीत कर गठबंधन की बैठक जल्द बुलाने का आग्रह किया है। ममता बनर्जी ने बताया कि उन्होंने राहुल गांधी को संदेश भेजा है। इसके साथ ही उन्होंने माकपा महासचिव एमए बेबी से भी बातचीत की है।

ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के श्रीरामपुर में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि विपक्षी दलों को मौजूदा परिस्थितियों पर एक साथ बैठकर चर्चा करनी चाहिए। प्रस्तावित बैठक दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में होने की संभावना जताई जा रही है।

बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर विपक्षी दलों की आपत्तियों और निर्वाचन आयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। विपक्षी दलों के बीच इस मुद्दे पर साझा रणनीति तैयार करने को लेकर बातचीत चल रही है।

इस बीच, ममता बनर्जी और एमए बेबी के बीच बातचीत को भी राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस और वाम दलों के बीच राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता रही है, लेकिन निर्वाचन आयोग से जुड़े मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच संवाद सामने आया है।

कांग्रेस की ओर से भी इस मुद्दे को लेकर पार्टी स्तर पर चर्चा की जा रही है। कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक 29 सितंबर को प्रस्तावित है। इसके अगले दिन विपक्षी दलों की संभावित बैठक में आगे की रणनीति पर विचार किया जा सकता है।

हालांकि, 30 सितंबर की बैठक को लेकर अंतिम कार्यक्रम और इसमें शामिल होने वाले सभी दलों की आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है।