आईपीएल के ‘किंगमेकर’ की होगी घर वापसी! 16 साल बाद भारत लौट सकते हैं ललित मोदी

0

स्पोर्ट्स डेस्क : प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पूर्व चेयरमैन और संस्थापक ललित मोदी के भारत लौटने की अटकलें एक बार फिर तेज हो गई हैं। FEMA से जुड़े एक मामले में अपीलेट ट्रिब्यूनल से राहत मिलने के बाद ललित मोदी ने भारत लौटने की इच्छा जताई है। रिपोर्ट के मुताबिक, वह इस साल के अंत या 2027 की शुरुआत में भारत वापस आ सकते हैं।

ललित मोदी पिछले करीब 16 वर्षों से भारत से बाहर रह रहे हैं। 2009 में IPL के दूसरे सीजन का आयोजन लोकसभा चुनावों के कारण दक्षिण अफ्रीका में किया गया था। इसी आयोजन से जुड़े विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के एक मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कार्रवाई की थी।

मामले में आरोप था कि IPL के दक्षिण अफ्रीका में आयोजन से संबंधित करीब 4.98 करोड़ अमेरिकी डॉलर की राशि भारतीय रिजर्व बैंक की अनुमति के बिना विदेश भेजी गई थी। हालांकि, अब SAFEMA के तहत गठित अपीलेट ट्रिब्यूनल ने ललित मोदी पर लगाए गए जुर्माने को रद्द कर दिया है। इसके बाद उन्होंने राहत की बात कही है।

ललित मोदी ने कहा कि वह पिछले 16 वर्षों से इस मामले को लेकर संघर्ष कर रहे थे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका ध्यान हमेशा आईपीएल पर रहा और वह लीग के हित में काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उन्हें केवल IPL की चिंता थी और किसी अन्य चीज की नहीं।

भारत लौटने की संभावित योजना को लेकर ललित मोदी ने कहा कि वह अब अपने जीवन के इस अध्याय को पीछे छोड़ना चाहते हैं। उन्होंने संकेत दिया कि अगर परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो वह इस साल के अंत तक या अगले साल की शुरुआत में भारत लौट सकते हैं।

ललित मोदी के भारत लौटने की संभावित खबर ऐसे समय में सामने आई है जब IPL दुनिया की सबसे बड़ी और लोकप्रिय क्रिकेट लीग में शामिल हो चुका है। IPL की स्थापना में अहम भूमिका निभाने वाले ललित मोदी लंबे समय से भारत से बाहर हैं। अब FEMA मामले में मिली कानूनी राहत के बाद उनके भारत लौटने को लेकर चर्चा तेज हो गई है।