नई दिल्ली : भारत ने आसियान क्षेत्रीय मंच की बैठक में जम्मू-कश्मीर और सिंधु जल संधि को लेकर पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार की टिप्पणियों को सिरे से खारिज कर दिया है। विदेश मंत्रालय ने डार के बयानों को ‘बेबुनियाद और अनुचित’ बताते हुए पाकिस्तान पर बहुपक्षीय मंच के दुरुपयोग का आरोप लगाया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि पाकिस्तान एक बार फिर बहुपक्षीय मंच का इस्तेमाल झूठ और दुष्प्रचार फैलाने तथा सीमा पार आतंकवाद के अपने रिकॉर्ड से ध्यान भटकाने के लिए कर रहा है।
भारत ने स्पष्ट किया कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख देश का अभिन्न हिस्सा हैं। नई दिल्ली ने पाकिस्तान पर आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर ऐसे मुद्दे उठाने के बजाय अपनी धरती से संचालित आतंकी ढांचे को खत्म करने पर ध्यान देना चाहिए।
इशाक डार ने 33वें आसियान क्षेत्रीय मंच की बैठक के दौरान कश्मीर और सिंधु जल संधि से जुड़े मुद्दे उठाए थे। भारत ने इन टिप्पणियों को खारिज करते हुए कहा कि पाकिस्तान की ओर से इस तरह के बयान उसके आंतरिक संकट और आतंकवाद को लेकर उसके रिकॉर्ड से ध्यान हटाने की एक और कोशिश हैं








