आतंकवाद पर पाकिस्तान की घोषणा को भारत ने बताया ‘गुमराह करने वाली चाल’

0

नई दिल्ली :  पाकिस्तान की ओर से जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख और संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित आतंकवादी मसूद अजहर के बारे में सूचना देने वाले के लिए इनाम बढ़ाए जाने पर भारत ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान के इस कदम को महज दिखावा बताते हुए कहा कि इस तरह की चालों से दुनिया को गुमराह करने की कोशिश नई नहीं है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि पाकिस्तान की ओर से इस तरह की घोषणाएं पहले भी सामने आती रही हैं। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के मुद्दे पर केवल घोषणाएं करने से कोई बदलाव नहीं आएगा। पाकिस्तान को आतंकवाद के खिलाफ वास्तविक और प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।

पाकिस्तान ने मसूद अजहर के बारे में विश्वसनीय जानकारी देने वाले व्यक्ति के लिए घोषित इनाम की राशि बढ़ाकर 70 लाख पाकिस्तानी रुपये कर दी है। मसूद अजहर भारत के लिए लंबे समय से वांछित आतंकियों में शामिल है। वह जैश-ए-मोहम्मद का प्रमुख है, जिसे भारत समेत कई देशों में आतंकी गतिविधियों के लिए जिम्मेदार माना जाता है।

भारत लगातार पाकिस्तान पर अपनी जमीन से संचालित आतंकी संगठनों और उनके सरगनाओं के खिलाफ ठोस कार्रवाई करने का दबाव बनाता रहा है। ऐसे में मसूद अजहर पर इनाम की घोषणा को लेकर भारत ने पाकिस्तान की गंभीरता पर सवाल उठाए हैं।

जायसवाल ने स्पष्ट किया कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में केवल कागजी कार्रवाई या सार्वजनिक घोषणाएं पर्याप्त नहीं हैं। पाकिस्तान को आतंकवादियों और उनके नेटवर्क के खिलाफ ठोस कदम उठाने की जरूरत है।