मुंबई : अक्षय कुमार और सैफ अली खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘हैवान’ इस सप्ताह सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी यह फिल्म एक सस्पेंस-थ्रिलर है, जिसमें अक्षय कुमार पहली बार खतरनाक विलेन के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म को लेकर बॉक्स ऑफिस पर भी उम्मीदें जताई जा रही हैं। एक प्रीडिक्शन रिपोर्ट के मुताबिक, ‘हैवान’ पहले दिन करीब 15 से 18 करोड़ रुपये की कमाई कर सकती है।
क्या है ‘हैवान’ की कहानी?
‘हैवान’ साल 2016 में रिलीज हुई मलयालम फिल्म ‘ओप्पम’ का हिंदी रीमेक है। फिल्म की कहानी एक रिटायर्ड जज और उससे बदला लेने वाले एक अपराधी के इर्द-गिर्द घूमती है। कहानी में एक कैदी जेल से बाहर आने के बाद उस जज से बदला लेने के लिए हत्याएं शुरू कर देता है। पुलिस लगातार हत्यारे की तलाश करती है, लेकिन उसे पकड़ने में नाकाम रहती है।
कहानी में ट्विस्ट तब आता है जब पुलिस को एक दृष्टिहीन व्यक्ति के बारे में पता चलता है, जो हत्यारे को पहचान सकता है। इसके बावजूद पुलिस उसे ही आरोपी मानकर गिरफ्तार कर लेती है। यह शख्स जज की पोती को हत्यारे से बचाने की कोशिश करता है। इसके बाद कहानी अक्षय कुमार और सैफ अली खान के किरदारों के बीच टकराव की ओर बढ़ती है।
18 साल बाद साथ आए अक्षय और सैफ
‘हैवान’ में अक्षय कुमार और सैफ अली खान करीब 18 साल बाद एक साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे। इससे पहले दोनों 2008 में रिलीज हुई फिल्म ‘टशन’ में साथ दिखाई दिए थे। इस बार दोनों की जोड़ी कॉमेडी के बजाय एक गंभीर एक्शन-थ्रिलर में आमने-सामने होगी।
प्रियदर्शन और अक्षय की हिट जोड़ी
अक्षय कुमार और निर्देशक प्रियदर्शन की जोड़ी इससे पहले ‘भागम भाग’, ‘भूल भुलैया’, ‘गरम मसाला’, ‘दे दना दन’ और ‘भूत बंगला’ जैसी फिल्मों में काम कर चुकी है। अब दोनों एक अलग जॉनर की फिल्म के साथ दर्शकों के सामने आ रहे हैं।
‘हैवान’ की रिलीज से पहले ट्रेड में फिल्म की ओपनिंग को लेकर चर्चा तेज है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि 15-18 करोड़ रुपये का अनुमान बॉक्स ऑफिस पर कितना सही साबित होता है और अक्षय-सैफ की जोड़ी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कितनी सफल रहती है।








