अलीगढ़ में करणी सेना नेता से मारपीट, दौड़ा-दौड़ाकर पीटने का आरोप

0

डेस्क : अलीगढ़ के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में सवर्ण पंचायत के बाद क्षत्रिय युवा करणी सेना के जिलाध्यक्ष सचिन राघव के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवकों ने उन्हें घेरकर सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस दौरान उनके साथ थप्पड़ों और बेल्ट से मारपीट की गई। घटना में सचिन के भाई और उनके दोस्त के भी घायल होने की बात सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम सचिन राघव अपने छोटे भाई सुंदर और दोस्त प्रहलाद के साथ घंटाघर चौराहे के पास स्टेट बैंक के नजदीक मौजूद थे। इसी दौरान अंबेडकर पार्क की ओर से नारेबाजी करते हुए कुछ युवक वहां पहुंचे और सचिन को घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने उन्हें सड़क पर खींचते हुए अंबेडकर पार्क तक ले जाकर मारपीट की। सचिन के अनुसार, इस दौरान उनसे ‘जय भीम’ के नारे भी लगवाए गए। उन्हें बचाने पहुंचे उनके भाई और दोस्त के साथ भी मारपीट की गई।

घटना के दौरान राहगीरों ने मोबाइल फोन से वीडियो बना लिया। यह वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस के पहुंचने की जानकारी मिलने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। सचिन को उपचार और मेडिकल जांच के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया। उनके कंधे और पसली में चोट लगने की जानकारी दी गई है।

भाषण के बाद शुरू हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत मंगलवार को हुई सवर्ण पंचायत में दिए गए एक भाषण के बाद हुई। पंचायत में सचिन के छोटे भाई सुंदर ने सामाजिक कार्यों और विभिन्न भूमिकाओं का उल्लेख किया था। उनके भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद कुछ लोगों ने उस पर आपत्ति जताते हुए टिप्पणियां की थीं। इसके बाद विवाद बढ़ने की बात कही जा रही है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

सीओ सर्वम सिंह ने बताया कि स्टेट बैंक के पास दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना मिली थी। घटना से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।