लखनऊ में युवती को कार के बोनट पर घसीटने का मामला, अपर्णा यादव ने बताया ‘लव जिहाद’

0

डेस्क :जनेश्वर मिश्र पार्क के पास युवती को कार के बोनट पर घसीटने के मामले में नया मोड़ सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने मामले को ‘लव जिहाद’ से जोड़ते हुए जांच की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार सुबह करीब साढ़े छह बजे जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट नंबर चार के पास हुई। हरदोई की रहने वाली युवती लखनऊ में एक निजी कंपनी में काम करती है। वह अपनी बुआ और बहन के साथ वहां चाय पीने गई थी। इसी दौरान उसका पूर्व परिचित शहनवाज अपने दो साथियों के साथ कार से वहां पहुंचा।

युवती का आरोप है कि शहनवाज और उसके साथियों ने उसके साथ गाली-गलौज की। इसके बाद जब वे कार से वहां से जाने लगे तो उसने उन्हें रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि कार नहीं रुकी और युवती कार के बोनट पर जा गिरी। इसके बावजूद कार करीब 100 मीटर तक चलती रही, जिसके बाद युवती सड़क पर गिर गई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

आरोपी गिरफ्तार, साथी की तलाश

पुलिस ने मामले में शहनवाज को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके साथी दानिश की तलाश की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

अपर्णा यादव ने उठाया ‘लव जिहाद’ का मुद्दा

मामले में राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के बयान के बाद विवाद और चर्चा बढ़ गई है। उन्होंने इसे ‘लव जिहाद’ का मामला बताते हुए पुलिस अधिकारियों से बातचीत की और जांच के निर्देश दिए जाने की बात कही। अपर्णा यादव के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर युवती से अपनी पहचान ‘यश ठाकुर’ के रूप में बताई थी।

हालांकि, युवती की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत में मुख्य आरोप कार से घसीटने और जान से मारने के प्रयास से संबंधित बताए गए हैं। ‘लव जिहाद’ से जुड़े आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज, वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।