डेस्क : अमेरिका में दक्षिण एशियाई मूल के लोगों को निशाना बनाकर बढ़ती नफरत, उत्पीड़न और हिंसा के मामलों को लेकर बुधवार को एक राष्ट्रीय राउंडटेबल आयोजित की गई। अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति के नेतृत्व में हुई इस बैठक में देशभर के दक्षिण एशियाई समुदायों से जुड़े राज्य और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में नफरत की घटनाओं पर रोक लगाने और हिंसा की रोकथाम के लिए ठोस कदमों पर चर्चा की गई।
सांसद राजा कृष्णमूर्ति के आधिकारिक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, बैठक में प्रतिनिधि प्रमिला जयपाल, अमी बेरा, सुहास सुब्रमण्यम और श्री थानेदार के अलावा विभिन्न राज्यों के स्थानीय एवं राज्य स्तर के निर्वाचित प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में इंडियन अमेरिकन इंपैक्ट और स्टॉप एएपीआई हेट के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया।
बैठक के दौरान दक्षिण एशियाई समुदायों के सामने आ रही चुनौतियों, नफरत और भेदभाव को बढ़ावा देने वाले कारकों तथा ऐसी घटनाओं की रिपोर्टिंग और रोकथाम को मजबूत करने के उपायों पर विचार किया गया।
राजा कृष्णमूर्ति ने कहा कि बैठक का उद्देश्य देशभर के दक्षिण एशियाई नेताओं को एक मंच पर लाकर समुदाय के खिलाफ बढ़ती नफरत, उत्पीड़न और हिंसा का सामना करने के उपायों पर चर्चा करना था। उन्होंने कहा कि किसी भी अमेरिकी नागरिक को उसके जन्मस्थान, धार्मिक आस्था या नाम के कारण यह महसूस नहीं होना चाहिए कि वह इस देश का हिस्सा नहीं है।
कृष्णमूर्ति ने नफरत से जुड़े अपराधों की बेहतर समझ विकसित करने और हिंसा को पहले ही रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने इस दिशा में हेट क्राइम्स कमीशन एक्ट को महत्वपूर्ण पहल बताया।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कृष्णमूर्ति ने इस वर्ष सीनेटर कर्स्टन गिलिब्रांड तथा प्रतिनिधि ग्रेस मेंग और नीडिया वेलाज्केज के साथ मिलकर हेट क्राइम्स कमीशन एक्ट को दोबारा पेश किया था। प्रस्तावित कानून के तहत नफरत से जुड़े अपराधों के कारणों की जांच के लिए एक द्विदलीय आयोग गठित करने का प्रावधान है।
आयोग सोशल मीडिया और तकनीक की भूमिका, नफरत से जुड़े अपराधों की पूरी रिपोर्टिंग में आने वाली बाधाओं तथा अपराधों की रोकथाम और प्रतिक्रिया के प्रभावी तरीकों का अध्ययन करेगा। इसके अलावा, कानून में देशभर में नफरत से जुड़े अपराधों के संघीय आंकड़ों की सटीकता और विश्वसनीयता बढ़ाने के लिए गवर्नमेंट अकाउंटेबिलिटी ऑफिस (GAO) से ऑडिट कराने का भी प्रावधान है।
राउंडटेबल में नॉर्थ कैरोलिना, न्यू जर्सी, वर्जीनिया, कैलिफोर्निया, मिशिगन, टेक्सास और पेंसिल्वेनिया के राज्य एवं स्थानीय निर्वाचित प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इंडियन अमेरिकन इंपैक्ट के कार्यकारी निदेशक चिंतन पटेल और स्टॉप एएपीआई हेट की सह-संस्थापक मंजू कुलकर्णी भी बैठक में मौजूद रहीं।








