स्पोर्ट्स डेस्क : नाइजीरिया की अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को चार रन से हराकर आईसीसी अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप 2027 के लिए क्वालीफाई कर लिया। अफ्रीका क्षेत्रीय क्वालीफायर के फाइनल में नाइजीरिया ने बेहद रोमांचक मुकाबले में जीत दर्ज की।
पहले बल्लेबाजी करते हुए नाइजीरिया ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 98 रन बनाए। टीम की ओर से क्रिस्टाबेल चुक्वुनोये ने 21 रन की पारी खेली। ब्यूटी ओगुआई ने 19 और जेसिका बिएनी ने 15 रन का योगदान दिया। पारी के अंतिम ओवरों में डेबोरा बैसी ने तेज बल्लेबाजी करते हुए चार गेंदों पर 10 रन बनाए, जिससे नाइजीरिया चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंच सका।
99 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम नाइजीरियाई गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। पूरी टीम 19.5 ओवर में 94 रन पर ऑलआउट हो गई। नाइजीरिया की ओर से पीस उसैन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट हासिल किए, जबकि जेनिफर गॉडविन को दो विकेट मिले।
चार रन की इस जीत के साथ नाइजीरिया ने अफ्रीका क्वालीफायर में अपना अभियान अजेय रहते हुए पूरा किया। टीम ने प्रतियोगिता में खेले अपने सभी पांच मुकाबलों में जीत दर्ज की। इस सफलता के साथ नाइजीरिया ने लगातार दूसरी बार अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया है।
आईसीसी अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप 2027 का आयोजन बांग्लादेश और नेपाल में किया जाएगा। नाइजीरिया की यह उपलब्धि अफ्रीकी क्रिकेट में महिला खिलाड़ियों के बढ़ते प्रभाव और वहां महिला क्रिकेट के विकास को भी दर्शाती है।








