डेस्क : अरुणाचल प्रदेश में शुक्रवार शाम हुई भारी बारिश के बाद बाढ़ और भूस्खलन ने तबाही मचा दी। दिबांग घाटी में अचानक आई बाढ़ के कारण सेना के दो आश्रय स्थल बह गए और पांच जवान लापता हो गए। वहीं, अपर सुबनसिरी जिले में हुए बड़े भूस्खलन में चार लोगों की मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
बाढ़ में सात जवान बहे, दो को बचाया गया
दिबांग घाटी के पासु पानी सेना शिविर में भारी बारिश के कारण अचानक बाढ़ आ गई। बाढ़ का पानी सेना की पांचवीं ग्रेनेडियर यूनिट के दो आश्रय स्थलों को बहा ले गया। अधिकारियों के मुताबिक, इस दौरान सात जवान बाढ़ की चपेट में आ गए। इनमें से दो को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि पांच जवान अभी लापता हैं।
लापता जवानों में हवलदार उपेंद्र तथा कुंदन, विनोद, आदित्य और समुंडा शामिल हैं। सेना ने लापता जवानों की तलाश के लिए दो खोज एवं बचाव दल तैनात किए हैं।
भूस्खलन में चार लोगों की मौत
दूसरी घटना अपर सुबनसिरी जिले में केओजारिंग-ब्याचिंग सड़क निर्माण स्थल पर हुई। भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन में कई लोग मलबे के नीचे दब गए। अधिकारियों के अनुसार, चार लोगों की मौत की सूचना है। मृतकों की पहचान ताडू बाकी, ताजी राय, मार्कोश बासुमतारी और बाबुल अली के रूप में हुई है। बाबुल अली का शव बरामद कर लिया गया है।
सेना और प्रशासन ने बढ़ाया बचाव अभियान
लापता जवानों की तलाश में सेना के अलावा भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, सामान्य रिजर्व इंजीनियर बल, अरुणाचल प्रदेश पुलिस और स्थानीय स्वयंसेवकों को भी लगाया गया है। खराब मौसम और दुर्गम पहाड़ी इलाकों के कारण बचाव अभियान में चुनौती बनी हुई है।
राज्य में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों पर नजर रख रहा है और राहत एवं बचाव दलों को जरूरत के अनुसार तैनात किया जा रहा है।








