डेस्क : उत्तर प्रदेश के कानपुर में पारिवारिक विवाद के चलते हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आरोप है कि एक युवक अपनी भाभी की हत्या करने के इरादे से उसके मायके पहुंचा था। भाभी के घर पर नहीं मिलने पर उसने अपनी बड़ी बहन को गोली मार दी। गोली लगने से महिला की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया।
मामला सत्तीचौरा घाट क्षेत्र का बताया जा रहा है। यहां रहने वाले ओम प्रकाश की बेटी सरोजिनी की शादी करीब छह साल पहले उन्नाव निवासी संतोष से हुई थी। करीब दो साल पहले उसके एक वर्षीय बेटे की मौत हो गई थी। इसके बाद सरोजिनी ने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया था। यह मामला उन्नाव की अदालत में विचाराधीन है। मुकदमे के बाद से सरोजिनी अपने मायके में रह रही थी।
जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम करीब चार बजे सरोजिनी का पति संतोष उसके मायके पहुंचा और वहां विवाद करने लगा। आरोप है कि उसने सरोजिनी की मां और उसकी बड़ी बहन चांदनी के साथ मारपीट की। विरोध के बाद चांदनी ने उसे घर से बाहर कर दिया।
इसके कुछ घंटे बाद रात करीब आठ बजे सरोजिनी का देवर विनोद अपने साथी अजय, अंशू और दो अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने घर में गाली-गलौज शुरू कर दी। चांदनी ने इसका विरोध किया तो विनोद ने उसके पेट में गोली मार दी।
गोली चलने की सूचना पुलिस को दी गई और परिजन घायल चांदनी को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
भाभी की हत्या के इरादे से पहुंचा था आरोपी
परिजनों के मुताबिक, विनोद कथित तौर पर अपनी भाभी सरोजिनी को निशाना बनाने आया था। घटना के समय सरोजिनी अपनी छोटी बहन अंजलि के साथ रात के खाने का सामान लेने बाहर गई थी। घर पर उसकी बड़ी बहन चांदनी अपनी तीन वर्षीय बेटी के साथ मौजूद थी।
आरोप है कि इसी दौरान विनोद और उसके साथियों ने घर पहुंचकर चांदनी और उसकी मां से विवाद किया। विरोध करने पर चांदनी को गोली मार दी गई।
परिवार के अनुसार, चांदनी की शादी करीब सात वर्ष पहले इलाके में रहने वाले उपेंद्र से हुई थी। उसकी तीन साल की बेटी है। परिजनों का आरोप है कि सरोजिनी के पति को चांदनी से भी नाराजगी थी और उसे लगता था कि दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज होने के पीछे चांदनी की भूमिका थी।
पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया
घटना के बाद पुलिस ने देवर विनोद समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। डीसीपी पूर्वी के अनुसार मामले की जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।








