भारत-ब्राजील और भारत-मिस्र आर्थिक रिश्तों को नई गति, जयपुर में पीयूष गोयल की बैठकें

0

जयपुर :  केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को जयपुर में ब्रिक्स इंडिया 2026 ट्रेड एंड इंडस्ट्री मिनिस्टर्स मीटिंग के इतर ब्राजील और मिस्र के अपने समकक्षों के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें कीं। दोनों बैठकों में भारत के साथ व्यापार, निवेश और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा हुई।

गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ब्राजील के विकास, उद्योग, व्यापार एवं सेवा मंत्री मार्सियो फर्नांडो एलियास रोजा के साथ हुई बैठक की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों ने व्यापार और आर्थिक साझेदारी को और मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की। कृषि, ऊर्जा और फार्मास्यूटिकल्स जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।

गोयल ने कहा कि भारत और ब्राजील ने व्यापार एवं निवेश संबंधों को और गहरा करने की साझा प्रतिबद्धता दोहराई।

इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने मिस्र के उद्योग मंत्री खालिद हाशेम अली माहेर से भी मुलाकात की। बैठक में दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग बढ़ाने और साझा हित वाले क्षेत्रों में संयुक्त अवसर तलाशने पर चर्चा हुई। गोयल ने कहा कि भारत और मिस्र के बीच कई क्षेत्रों में मजबूत समानताएं और व्यापक संभावनाएं हैं।

ब्रिक्स उद्योग मंत्रियों की बैठक में संयुक्त घोषणा

ये बैठकें जयपुर में भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता 2026 के तहत आयोजित दसवीं ब्रिक्स उद्योग मंत्रियों की बैठक के सफल समापन के दौरान हुईं। ‘बिल्डिंग फॉर रेजिलिएंस, इनोवेशन, कोऑपरेशन एंड सस्टेनेबिलिटी’ थीम पर आयोजित बैठक में ब्रिक्स देशों के उद्योग मंत्रियों और वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने औद्योगिक क्षमता मजबूत करने, तकनीकी बदलाव और सहयोगात्मक विकास जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अनुसार, बैठक की प्रमुख उपलब्धियों में दसवीं ब्रिक्स उद्योग मंत्रियों की बैठक की संयुक्त घोषणा को अपनाया जाना रहा। इसमें सदस्य देशों ने आपसी संवाद को व्यावहारिक सहयोग में बदलने की प्रतिबद्धता जताई।

भारत ने अपनी ब्रिक्स अध्यक्षता के दौरान पार्टनरशिप ऑन न्यू इंडस्ट्रियल रिवॉल्यूशन (PartNIR) के तहत हुई प्रगति को भी रेखांकित किया। इसमें एसएमई वर्किंग ग्रुप में सहयोग के लिए फ्रेमवर्क को अंतिम रूप देना, फोटोवोल्टिक उद्योग वर्किंग ग्रुप के लिए कार्यक्षेत्र और कार्ययोजना को मंजूरी देना तथा स्टार्टअप के लिए नवाचार आधारित विकास कार्ययोजना शामिल है।

आज जयपुर में ब्रिक्स व्यापार मंत्रियों की बैठक

भारत की अध्यक्षता में 16वीं ब्रिक्स ट्रेड मिनिस्टर्स मीटिंग का आयोजन भी 7 अगस्त को जयपुर में किया जा रहा है। बैठक में बहुपक्षीय व्यापार व्यवस्था को मजबूत करने, आपूर्ति शृंखलाओं को अधिक लचीला बनाने, वैश्विक व्यापार में एमएसएमई की भागीदारी बढ़ाने और डिजिटल अर्थव्यवस्था में सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।