कोलंबो : लंका प्रीमियर लीग (LPL) 2026 के शुरू होने से कुछ घंटे पहले क्रिकेट जगत को झटका देने वाली खबर सामने आई है। जाफना किंग्स फ्रेंचाइजी के सह-मालिक और भारत के पूर्व अंडर-19 क्रिकेटर मनजोत कालरा को श्रीलंका की खेल भ्रष्टाचार रोधी जांच इकाई ने कथित तौर पर एक खिलाड़ी को रिश्वत देने की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार किया है।
मनजोत कालरा को स्पोर्ट्स से जुड़े अपराधों की रोकथाम के लिए गठित पुलिस विशेष जांच इकाई ने कोलंबो के एक होटल से गिरफ्तार किया। इसके बाद उन्हें मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। कालरा वही खिलाड़ी हैं जिन्होंने 2018 अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप फाइनल में शानदार शतक लगाकर भारत को खिताबी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।
खिलाड़ी को 95 लाख रुपये देने का आरोप
श्रीलंकाई पुलिस के अनुसार, 27 वर्षीय मनजोत कालरा पर आरोप है कि उन्होंने एलपीएल से जुड़े एक खिलाड़ी को पैसे का लालच देकर प्रभावित करने की कोशिश की। जांच अधिकारियों ने बताया कि संबंधित खिलाड़ी से करीब 10 दिन पहले संपर्क किया गया था, जिसके बाद उसने इस मामले की जानकारी अधिकारियों को दी।
स्पोर्ट्स इन्वेस्टिगेशन यूनिट के इंस्पेक्टर सुपून विदानागे ने बताया कि कालरा को उस समय गिरफ्तार किया गया जब वह कथित तौर पर एक खिलाड़ी को 95 लाख रुपये देने की तैयारी में थे।
जाफना किंग्स के खिलाड़ियों ने दर्ज कराई शिकायत
पुलिस के मुताबिक, श्रीलंकाई क्रिकेटर भानुका राजपक्षे, अविष्का फर्नांडो और डुनिथ वेलालागे ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई थी। ये तीनों खिलाड़ी जाफना किंग्स फ्रेंचाइजी का हिस्सा हैं।
यह कार्रवाई एलपीएल 2026 के पहले दिन हुई, जिस दिन जाफना किंग्स का मुकाबला गॉल गैलेंट्स के खिलाफ था। पांच टीमों वाले इस टूर्नामेंट में कुल 24 मुकाबले खेले जाएंगे और इसका समापन 8 अगस्त को होगा।
एलपीएल पहले भी रह चुका है विवादों में
लंका प्रीमियर लीग पर पहले भी मैच फिक्सिंग और भ्रष्टाचार के आरोप लगते रहे हैं। इसी साल की शुरुआत में श्रीलंका की एक अदालत ने एक अन्य एलपीएल फ्रेंचाइजी के मालिक तमीम रहमान को चार साल की जेल की सजा सुनाई थी। रहमान ने एक खिलाड़ी को सट्टेबाजी गतिविधियों में शामिल करने और मैच प्रभावित करने की कोशिश करने का दोष स्वीकार किया था। उन पर 2.4 करोड़ रुपये का जुर्माना भी लगाया गया था।
हालांकि, श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि मनजोत कालरा की गिरफ्तारी के बावजूद लंका प्रीमियर लीग 2026 तय कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगा।








