स्पोर्ट्स डेस्क : भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद अपनी पहली टी-20 सीरीज जीत ली है। हरारे में खेले गए दूसरे टी-20 मुकाबले में टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे को 90 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 219 रन बनाए, जिसके जवाब में जिम्बाब्वे की पूरी टीम 17.5 ओवर में 129 रन पर ऑलआउट हो गई।
भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और अभिषेक शर्मा 8 तथा वैभव सूर्यवंशी 20 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद ईशान किशन ने कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ पारी को संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 66 रन की साझेदारी की। श्रेयस अय्यर 25 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद ईशान किशन और तिलक वर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए चौथे विकेट के लिए 94 रन जोड़े और टीम का स्कोर 219 रन तक पहुंचाया। ईशान ने 44 गेंदों पर 81 रन की शानदार पारी खेली, जबकि तिलक वर्मा 60 रन बनाकर नाबाद रहे।
220 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। ब्रायन बेनेट ने सर्वाधिक 32 रन बनाए, लेकिन कोई अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। यश ठाकुर ने बेनेट को आउट कर टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना पहला विकेट हासिल किया। प्रिंस यादव ने बेन करन और कप्तान सिकंदर रजा को पवेलियन भेजा। भारत की ओर से अभिषेक शर्मा ने तीन विकेट लिए, जबकि प्रिंस यादव और यश ठाकुर को दो-दो सफलताएं मिलीं।








