डेस्क : बिहार के वैशाली जिले में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। लालगंज प्रखंड के जलालपुर गांव में भारतमाला परियोजना के तहत बनाए जा रहे निर्माणाधीन पुल का ढांचा अचानक गिर गया। हादसे में सात मजदूर घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह पुल सोनपुर से केसरिया के बीच बन रहे छह लेन बुद्ध सर्किट राजमार्ग का हिस्सा है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, निर्माणाधीन पुल के लॉन्चर को विस्थापित करने के दौरान यह हादसा हुआ। ढांचा गिरते ही मौके पर अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई।
सात मजदूर घायल, दो की हालत गंभीर
हादसे के बाद सभी घायलों को तत्काल लालगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल राम भरोसे साह और प्रमोद चौधरी को बेहतर इलाज के लिए हाजीपुर रेफर किया गया है। बाकी पांच घायलों का इलाज लालगंज अस्पताल में चल रहा है।
घायलों में पांच बिहार के रहने वाले हैं, जबकि एक-एक मजदूर पंजाब और ओडिशा का बताया गया है। घायल मजदूरों की पहचान रंजन कुमार, राम भरोसे साह, अली इमाम, प्रमोद चौधरी, संदीप कुमार, गुलशन और संजीव कुमार के रूप में हुई है।
प्रशासन ने शुरू कराई जांच
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कराया। वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने हाजीपुर सदर अस्पताल पहुंचकर घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन के अनुसार, घटना के कारणों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने संबंधित निर्माण एजेंसी को सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने और मजदूरों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं।
तेजस्वी यादव ने लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
हादसे के बाद बिहार के नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने पुल हादसे के लिए कथित तौर पर घटिया निर्माण सामग्री, खराब गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को जिम्मेदार बताया तथा जांच की मांग उठाई।
फिलहाल प्रशासनिक जांच जारी है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह और निर्माण कार्य में किसी तरह की लापरवाही की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।








