सौतेले पिता की हैवानियत का आरोप, दोस्तों को बताई बेटी से दरिंदगी की बात

0

डेस्क : उत्तर प्रदेश के कानपुर में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने पति पर अपनी नाबालिग बेटी के साथ पिछले करीब एक साल से दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, महिला के पहले पति का निधन हो चुका है। करीब चार साल पहले उसने मकड़ीखेड़ा निवासी एक युवक से दूसरी शादी की थी। महिला की छह बेटियां हैं, जिनमें से तीन की शादी हो चुकी है। उसकी सबसे छोटी बेटी नाबालिग है।

महिला ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उसका पति पिछले करीब एक वर्ष से उसकी बेटी का शोषण कर रहा था। बेटी से पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह जब दुकान पर खाना लेकर जाती थी, तब भी आरोपी उसके साथ दुष्कर्म करता था। आरोप है कि आरोपी उसे एक कार्यक्रम में भी लेकर गया, जहां उसके साथ गलत हरकत की गई।

किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी

पीड़िता ने अपनी मां को बताया कि आरोपी ने उसे घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। इसी डर के कारण वह लंबे समय तक चुप रही। मां को घटना की जानकारी मिलने के बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

शराब पार्टी में दोस्तों के सामने खुला राज

पुलिस के मुताबिक, मामले का खुलासा उस समय हुआ जब आरोपी ने दोस्तों के साथ शराब पीने के दौरान कथित तौर पर अपनी करतूत के बारे में उन्हें बता दिया। आरोपी के एक दोस्त ने इसकी जानकारी महिला को दी। इसके बाद महिला ने बेटी से पूछताछ की, जिसमें उसने पिछले एक साल से हो रहे शोषण की जानकारी अपनी मां को दी।

महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बिठूर पुलिस के अनुसार, मामले में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।