डेस्क : कनाडा के टोरंटो में भारतीय मूल की 30 वर्षीय हिमांशी खुराना की हत्या के मामले में पुलिस ने करीब सात महीने बाद बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके साथी अब्दुल गफूरी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे शुक्रवार को टोरंटो एयरपोर्ट से पकड़ा। गफूरी पर फर्स्ट-डिग्री मर्डर का आरोप लगाया गया है।
पुलिस के अनुसार हिमांशी 19 दिसंबर 2025 की रात लापता हुई थीं। टोरंटो पुलिस को रात करीब 10:41 बजे स्ट्रैचन एवेन्यू और वेलिंगटन स्ट्रीट वेस्ट इलाके से उनके लापता होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तलाश शुरू की और अगले दिन 20 दिसंबर की सुबह करीब 6:30 बजे उसी इलाके के एक मकान से हिमांशी का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शुरुआती जांच में इसे हत्या का मामला माना था।
सात महीने से फरार था आरोपी
जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को पता चला कि हिमांशी और अब्दुल गफूरी एक-दूसरे के परिचित थे और रिश्ते में थे। इसके बाद गफूरी को मामले में संदिग्ध बनाया गया और उसके खिलाफ पूरे कनाडा में गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। पुलिस ने उसकी तस्वीर भी जारी कर लोगों से जानकारी मांगी थी।
टोरंटो पुलिस की होमिसाइड यूनिट और फरार आरोपियों को पकड़ने वाली टीम ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर उसकी तलाश की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कनाडा लौटने की जानकारी मिलने के बाद उसे एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि वह इन सात महीनों के दौरान किस देश में रहा, इसका खुलासा पुलिस ने नहीं किया है।
भारतीय वाणिज्य दूतावास ने जताया था दुख
हिमांशी की हत्या के बाद टोरंटो स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने घटना पर गहरा दुख जताया था। दूतावास ने उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए स्थानीय अधिकारियों के साथ संपर्क में रहने और परिजनों को हरसंभव सहायता देने की बात कही थी।
पुलिस की ओर से मामले की जांच जारी है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।








