चंद्रशेखर आजाद का दावा- मेरी हत्या की साजिश रची गई, गाड़ी फूंकने की थी तैयारी

0

डेस्क : आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने बाराबंकी में अपने काफिले पर हुए पथराव की घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि उनकी हत्या की साजिश रची गई थी और उनकी गाड़ी में आग लगाने की भी योजना थी। उन्होंने पूरे मामले की जांच की मांग की है।

चंद्रशेखर आजाद के अनुसार, वह गोंडा में हत्या के एक मामले में पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे थे। इसी दौरान बाराबंकी में पुलिस ने उनके काफिले को रोक दिया। इस दौरान पुलिस और उनके समर्थकों के बीच धक्कामुक्की की स्थिति बनी। आजाद का आरोप है कि इसी बीच कुछ लोगों ने उनके काफिले पर पथराव किया और उनके समर्थकों के साथ मारपीट की।

सांसद ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि एक फार्म हाउस में उनकी हत्या की साजिश रची गई थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग बोतलों में पेट्रोल-डीजल लेकर उनकी गाड़ी को आग लगाने की तैयारी में थे। आजाद ने कहा कि यदि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो इस कथित साजिश के पीछे शामिल लोगों का पता लगाया जा सकता है।

चंद्रशेखर आजाद ने पुलिस-प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक सांसद के काफिले के साथ इस तरह की घटना गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक रूप से उन्हें रोकने में असफल होने के बाद उनकी हत्या की साजिश रची जा रही है।

हालांकि, चंद्रशेखर आजाद ने अपने आरोपों में किसी व्यक्ति या संगठन का नाम नहीं लिया है। मामले को लेकर पुलिस की जांच और आधिकारिक पक्ष का इंतजार है।