डेस्क : पतंजलि फूड्स लिमिटेड ने पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष ब्रजभूषण शरण सिंह के खिलाफ 50 करोड़ रुपये की मानहानि का मुकदमा दायर किया है। मामला पतंजलि के घी को लेकर सिंह की ओर से दिए गए कथित बयान से जुड़ा है। इस मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में मंगलवार को सुनवाई हुई।
सुनवाई के दौरान ब्रजभूषण शरण सिंह की ओर से उनके अधिवक्ता ने वकालतनामा पेश किया और जवाब दाखिल करने के लिए अदालत से समय मांगा। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 18 सितंबर की तारीख निर्धारित की है।
2022 के बयान से जुड़ा मामला
मामला वर्ष 2022 में दिए गए ब्रजभूषण शरण सिंह के एक बयान से संबंधित है। आरोप है कि उन्होंने सार्वजनिक रूप से पतंजलि के घी की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए उसे कथित तौर पर नकली बताया था। उन्होंने लोगों से घर में गाय या भैंस पालने की अपील भी की थी। इस बयान के बाद पतंजलि की ओर से आपत्ति जताई गई थी।
पतंजलि फूड्स का कहना है कि इस तरह के सार्वजनिक बयान से कंपनी की प्रतिष्ठा और ब्रांड छवि को नुकसान पहुंचा। कंपनी ने यह भी दावा किया है कि बयान के कारण उसके शेयर मूल्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा और आर्थिक नुकसान हुआ। इन्हीं आधारों पर कंपनी ने 50 करोड़ रुपये की मानहानि की मांग की है।
जिला अदालत के बाद हाईकोर्ट पहुंचा मामला
मामले की शुरुआत जिला अदालत से हुई थी। सुनवाई के दौरान इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को लेकर भी कानूनी सवाल सामने आए, जिसके बाद मामला हाईकोर्ट पहुंचा। पतंजलि की ओर से इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों से जुड़े दस्तावेज और संबंधित न्यायिक आदेशों का हवाला दिया गया है।
अब ब्रजभूषण शरण सिंह की ओर से मामले में अपना जवाब दाखिल किया जाना है। हाईकोर्ट में 18 सितंबर को होने वाली अगली सुनवाई में मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया पर चर्चा होगी।








