चोट के कारण नीरज चोपड़ा का 2026 सत्र खत्म, एशियन गेम्स से भी बाहर

0

स्पोर्ट्स डेस्क : ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने टखने में लिगामेंट फटने के कारण 2026 का अपना सत्र समय से पहले समाप्त करने का फैसला किया है। चोट के चलते वह आगामी एशियन गेम्स में भी हिस्सा नहीं ले पाएंगे। चोपड़ा ने डॉक्टर और अपनी टीम से चर्चा के बाद यह निर्णय लिया।

चोपड़ा ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा कि लॉजेन डायमंड लीग में सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के बाद उन्हें लग रहा था कि वह अपनी लय हासिल कर रहे हैं। हालांकि, इसके कुछ समय बाद प्रशिक्षण के दौरान उनके टखने में लिगामेंट की चोट हो गई। उन्होंने कहा कि अब उनका पूरा ध्यान पूरी तरह स्वस्थ होकर मजबूत वापसी करने पर है।

उन्होंने निराशा जाहिर करते हुए कहा कि यह झटका ऐसे समय आया है जब उन्हें लग रहा था कि वह अपनी लय के करीब पहुंच रहे हैं। हालांकि, उन्होंने इसे खेल यात्रा का हिस्सा बताते हुए कहा कि अब वह अच्छी तरह से स्वस्थ होने और पहले से मजबूत होकर वापसी करने पर ध्यान देंगे।

लॉजेन डायमंड लीग में चोपड़ा ने 88.05 मीटर के सत्र के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ दूसरा स्थान हासिल किया था। वह शीर्ष स्थान से महज 9 सेंटीमीटर पीछे रहे। श्रीलंका के रुमेश थारंगा पाथिरागे ने 88.14 मीटर के प्रयास के साथ प्रतियोगिता जीती।

लॉजेन से पहले चोपड़ा ने 2026 में केवल दो प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया था। उन्होंने दोहा डायमंड लीग में चौथा स्थान हासिल किया था, जबकि कॉमनवेल्थ गेम्स में वह दूसरे स्थान पर रहे थे। इन दोनों प्रतियोगिताओं में वह 86 मीटर का आंकड़ा पार नहीं कर सके थे।

लॉजेन में शानदार प्रदर्शन के बाद चोपड़ा के फॉर्म में लौटने के संकेत मिले थे, लेकिन चोट ने उनकी लय पर ब्रेक लगा दिया। एशियन गेम्स से उनका बाहर होना भारतीय एथलेटिक्स दल के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

नीरज चोपड़ा भारतीय खेल जगत के सबसे बड़े सितारों में शामिल हैं। उन्होंने टोक्यो ओलंपिक 2021 में भाला फेंक में स्वर्ण पदक जीता था, जबकि पेरिस ओलंपिक 2024 में रजत पदक अपने नाम किया था।