‘दादा’ के एआई पोस्टर विवाद पर बोले राजकुमार राव, इंसानी रचनात्मकता जरूरी

0

डेस्क : भारतीय क्रिकेट के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली की जिंदगी पर बन रही फिल्म ‘दादा’ रिलीज से पहले ही चर्चा में है। फिल्म के फर्स्ट लुक को लेकर सोशल मीडिया पर काफी प्रतिक्रियाएं आई थीं। कुछ लोगों ने पोस्टर को एआई से तैयार किया हुआ बताया था। अब अभिनेता राजकुमार राव ने इस आलोचना पर अपनी बात रखी है।

राजकुमार राव ने माना कि फिल्म का फर्स्ट लुक जारी करने में टीम से जल्दबाजी हुई। उन्होंने कहा कि इस अनुभव से टीम ने सीख ली है और आगे किसी भी सामग्री को जारी करने से पहले अधिक सावधानी बरती जाएगी। अभिनेता ने यह भी कहा कि जिस तरह से लोगों ने पोस्टर पर प्रतिक्रिया दी, उससे सौरव गांगुली की लोकप्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

एआई के बढ़ते इस्तेमाल पर बात करते हुए राजकुमार ने कहा कि तकनीक को पूरी तरह रोका नहीं जा सकता। एआई एक उपयोगी माध्यम हो सकता है, लेकिन इसे इंसानी रचनात्मकता का विकल्प नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि फिल्म निर्माण में कई लोगों की मेहनत और रचनात्मक योगदान होता है और पूरी तरह एआई पर निर्भरता से इंडस्ट्री में काम करने वाले लोगों पर असर पड़ सकता है।

राजकुमार राव ने बताया कि फिल्म की तैयारी के दौरान उन्हें सौरव गांगुली के साथ समय बिताने का मौका मिला। फिल्म के कुछ हिस्सों की शूटिंग गांगुली के घर और कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में भी हुई है। गांगुली से बातचीत के दौरान राजकुमार ने उनके जीवन, क्रिकेट करियर और संघर्षों को करीब से समझने की कोशिश की।

अभिनेता के मुताबिक, ‘दादा’ में केवल गांगुली की उपलब्धियों और सफलता को ही नहीं दिखाया जाएगा, बल्कि उनके जीवन के संघर्ष, मुश्किल दौर और वापसी की कहानी भी सामने आएगी। फिल्म में यह दिखाने की कोशिश की जाएगी कि उन्होंने चुनौतियों का सामना करते हुए भारतीय क्रिकेट में अपनी अलग पहचान कैसे बनाई।

विक्रमादित्य मोटवाने के निर्देशन में बन रही ‘दादा’ में राजकुमार राव सौरव गांगुली की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म की रिलीज मई 2027 में प्रस्तावित है।