मुरली मनोहर जोशी ने कहा- चुनाव निष्पक्ष हों, सरकार जवाबदेह हो तो लोकतंत्र मजबूत

0

डेस्क : भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व पार्टी अध्यक्ष मुरली मनोहर जोशी ने चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती पर जोर दिया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की विपक्ष की मांग के बीच जोशी ने कहा कि यदि चुनाव निष्पक्ष हों और सरकार जवाबदेह तरीके से काम करे तो जनता द्वारा चुनी गई सरकार को नहीं गिरना चाहिए।

नई दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में जोशी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष चुनाव, जवाबदेह सरकार और पारदर्शी प्रशासन बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष की भूमिका भी महत्वपूर्ण है और उसे जिम्मेदारी के साथ जनता के सामने अपना वैकल्पिक कार्यक्रम रखना चाहिए।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की है। हालांकि, चुनाव आयोग इन आरोपों को खारिज करता रहा है।

जोशी ने कहा कि लोकतंत्र से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं संविधान के अनुरूप होनी चाहिए। यदि कहीं संविधान का उल्लंघन होता है तो न्यायपालिका, विशेष रूप से सर्वोच्च न्यायालय, उस पर विचार कर सकता है।

छात्र आंदोलनों के सवाल पर भी जोशी ने कहा कि छात्रों की जायज मांगों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या का समाधान बातचीत और संवाद के जरिए निकालना बेहतर है, न कि बल प्रयोग के जरिए।

वरिष्ठ भाजपा नेता ने लोकतांत्रिक संस्थाओं में जनता के विश्वास को बनाए रखने के लिए पारदर्शिता और जवाबदेही को आवश्यक बताया।