ग्वालियर : मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में जमीनी विवाद को लेकर एक वकील की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना भीतरवार कस्बे में डबरा रोड स्थित एक खाने की दुकान के पास हुई। मृतक की पहचान करीब 60 वर्षीय अधिवक्ता रतन सिंह यादव के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार दोपहर तीन हथियारबंद हमलावरों ने वकील पर अचानक गोलीबारी कर दी। हमले में उन्हें तीन गोलियां लगीं। गंभीर हालत में उन्हें ग्वालियर के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं और उनकी तलाश की जा रही है।
भीतरवार के एसडीओपी गगन हनवत के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे जमीन विवाद की आशंका सामने आई है। बताया जा रहा है कि वकील का कुछ लोगों के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। परिजनों ने भी जमीन के एक टुकड़े को लेकर रिश्तेदारों के साथ लंबे समय से विवाद होने की बात कही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हत्या में शामिल आरोपियों की तलाश जारी है।









