डेस्क : गाजियाबाद में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आरोप है कि मकान अपने नाम कराने के दबाव में दो बेटों ने अपने माता-पिता की बेरहमी से पिटाई कर उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, भीमनगर निवासी 58 वर्षीय गंगाशरण अपनी पत्नी विमलेश और बड़े बेटे दीपक उर्फ विक्की के साथ रहते थे, जबकि छोटा बेटा ललित पास में किराये के मकान में रहता था। दोनों बेटे कैब चलाते थे और पुलिस के मुताबिक शराब की लत को लेकर माता-पिता से अक्सर उनका विवाद होता था।
बताया गया है कि सोमवार रात दोनों भाइयों का माता-पिता से मकान, रोजगार और नशे की आदत को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि इसके बाद दोनों ने घर का मुख्य गेट और सीढ़ियों का दरवाजा बंद कर माता-पिता के साथ मारपीट शुरू कर दी। पिता के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि मां की मौत गला दबाने के कारण होने की आशंका जताई गई है।
घटना के दौरान दूसरी मंजिल पर रहने वाले किरायेदार को घर से चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनाई दीं। काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो दंपती गंभीर हालत में मिले। मामले की जांच के बाद दोनों बेटों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले में हत्या के पीछे मकान को अपने नाम कराने का दबाव और पारिवारिक विवाद प्रमुख कारण के रूप में सामने आया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। वहीं, मृतक दंपती की बेटियों ने आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।








