डेस्क : दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने 100 से अधिक स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। इन विशेष ट्रेनों का संचालन देश के अलग-अलग हिस्सों से बिहार, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों को जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों पर किया जाएगा।
रेलवे के अनुसार, त्योहारी सीजन में यात्रियों को अधिक सुविधा देने के लिए स्पेशल ट्रेनों में अतिरिक्त सीट और आरक्षित बर्थ उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा कई नियमित ट्रेनों में भी अतिरिक्त कोच लगाए जा रहे हैं, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके।
स्पेशल ट्रेनों में प्रयागराज से उधना, प्रयागराज से साबरमती, सुभेदारगंज से वलसाड, प्रयागराज से दादर, सुभेदारगंज से उधना और सुभेदारगंज से इंदौर जैसे प्रमुख मार्ग शामिल हैं। इनमें कई ट्रेनें सप्ताह में दो बार संचालित होंगी, जबकि कुछ का संचालन निर्धारित तारीखों के बीच किया जाएगा। उदाहरण के तौर पर प्रयागराज-उधना विशेष ट्रेन एक अक्टूबर से 29 नवंबर तक 18 फेरे लगाएगी। वहीं प्रयागराज-साबरमती विशेष ट्रेन तीन अक्टूबर से 28 नवंबर तक 17 फेरे संचालित करेगी।
रेलवे की ओर से जारी सूची में कानपुर सेंट्रल-असरवा, आगरा कैंट-उधना, असरवा-आगरा कैंट और झांसी-बांद्रा टर्मिनस समेत कई अन्य मार्गों की विशेष ट्रेनें भी शामिल हैं। इन ट्रेनों का संचालन अक्टूबर से नवंबर के बीच अलग-अलग तारीखों पर किया जाएगा।
टिकट बुकिंग व्यवस्था भी मजबूत
त्योहारी सीजन में टिकटों की भारी मांग को देखते हुए आईआरसीटीसी ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग व्यवस्था को भी मजबूत किया है। सर्वर क्षमता बढ़ाने के साथ नेक्स्ट जेनरेशन ई-टिकटिंग प्रणाली को अपग्रेड किया गया है। वास्तविक यात्रियों को बेहतर बुकिंग सुविधा देने के लिए एंटी-बॉट तकनीक का इस्तेमाल भी किया जा रहा है।
आईआरसीटीसी ने अपने यूजर इंटरफेस में भी बदलाव किए हैं। अब यात्री एक ही स्क्रीन पर स्लीपर, एसी थ्री टियर और एसी टू टियर जैसी अलग-अलग श्रेणियों में सीटों की उपलब्धता देख सकेंगे।
रेलवे के इस फैसले से त्योहारी सीजन में घर जाने वाले लाखों यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले संबंधित स्पेशल ट्रेन के नंबर, संचालन की तारीख, मार्ग और समय की जानकारी अवश्य जांच लें।







