डेस्क : इजरायल ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर तेहरान की ओर से कोई मिसाइल हमला किया गया तो उसका जवाब “पूरी ताकत” के साथ दिया जाएगा। दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव के बीच इजरायल ने अपनी सैन्य तैयारियों को और मजबूत कर दिया है।
इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने कहा कि ईरान की ओर से दागी गई किसी भी मिसाइल का जवाब कड़ी सैन्य कार्रवाई से दिया जाएगा। यह बयान उस समय आया है जब क्षेत्र में इजरायल और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है।
इजरायली सेना के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल एयाल जमीर ने भी कहा कि देश की सेना किसी भी संभावित हमले का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है। इजरायल ने अपनी सुरक्षा व्यवस्था को हाई अलर्ट पर रखा है और क्षेत्रीय गतिविधियों पर करीबी नजर रखी जा रही है।
मध्य-पूर्व में बढ़ते सैन्य तनाव ने एक बार फिर व्यापक संघर्ष की आशंका को बढ़ा दिया है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने सभी पक्षों से संयम बरतने और बातचीत के जरिए समाधान तलाशने की अपील की है।








