एयर शो के साथ औद्योगिक विकास को बढ़ावा, पीएम मोदी ने गारमेंट यूनिट का किया उद्घाटन

0

वाराणसी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित भारतीय वायुसेना दिवस एरियल डिस्प्ले-2026 में हिस्सा लिया। भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम की थीम ‘विंग्स ओवर गंगा’ रखी गई। इस दौरान आसमान में लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों के शानदार प्रदर्शन ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। भारतीय वायुसेना के प्रमुख प्रदर्शन दलों, सूर्य किरण एरोबैटिक टीम (SKAT) और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने अपनी हवाई कलाबाजियों के जरिए वायुसेना की क्षमता और कौशल का प्रदर्शन किया।

एयर शो में तेजस, लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर (एलसीएच) प्रचंड, आईएल-76, आईएल-78, सी-295 और एएन-32 सहित कई विमानों को शामिल किया गया। इसके अलावा सुखोई-30 एमकेआई और राफेल जैसे अग्रिम पंक्ति के लड़ाकू विमानों का प्रदर्शन भी आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम में भारतीय नौसेना और थलसेना के विमानों की भागीदारी भी निर्धारित थी, जो तीनों सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल और संयुक्त संचालन क्षमता को प्रदर्शित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

अरविंद लिमिटेड की नई गारमेंट इकाई का उद्घाटन

एयर शो में शामिल होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी में अरविंद लिमिटेड की नई परिधान विनिर्माण इकाई का उद्घाटन किया। इस परियोजना को उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश बढ़ाने, विनिर्माण क्षेत्र को मजबूत करने और वस्त्र एवं परिधान उद्योग के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इस इकाई में महिलाओं की भागीदारी पर विशेष जोर दिया गया है। इससे क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ने, महिलाओं की आर्थिक भागीदारी को प्रोत्साहन मिलने और महिला-नेतृत्व वाले विकास को आगे बढ़ाने की उम्मीद है।

महिलाओं ने फूलों और तिरंगे के साथ किया स्वागत

प्रधानमंत्री के वाराणसी पहुंचने पर महिलाओं ने भाजपा के झंडों, राष्ट्रीय तिरंगे, फूलों और पारंपरिक ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री वाराणसी पुलिस लाइन पहुंचे, जहां से सड़क मार्ग से नमो घाट के लिए रवाना हुए। उनके स्वागत के लिए मार्ग में आठ स्वागत स्थल बनाए गए थे।

वाराणसी की जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने कार्यकाल में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने की दिशा में काम किया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सम्मान और आत्मनिर्भरता मिलने से उनके भीतर अपनी क्षमता को लेकर विश्वास मजबूत हुआ है।

मौर्य के अनुसार, काशी की महिलाएं अपने सांसद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए उत्साहित थीं।

वाराणसी में आयोजित यह एयर शो भारतीय वायुसेना की परिचालन क्षमता, आधुनिक सैन्य तकनीक और देश की रक्षा तैयारियों को प्रदर्शित करने के साथ-साथ शहर के लिए भी एक महत्वपूर्ण आयोजन रहा। वहीं, नई गारमेंट विनिर्माण इकाई के उद्घाटन से क्षेत्र में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन की संभावनाओं को बल मिलने की उम्मीद है।