कानपुर : उत्तर प्रदेश के कानपुर में 17 वर्षीय NEET छात्रा ने आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि गुजरात में रहने वाला उसका फुफेरा भाई पिछले कई महीनों से उसे फोन कर परेशान कर रहा था और उस पर दोस्ती करने का दबाव बना रहा था। छात्रा की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना श्याम नगर के गंगा नगर इलाके की है। मूल रूप से चंदौली जिले के धानपुर क्षेत्र के सकरारी गांव का रहने वाला परिवार यहां किराए के मकान में रहता है। मृतका खुशबू सिंह NEET की तैयारी कर रही थी।
परिजनों के मुताबिक, बुधवार सुबह खुशबू नहाने के बाद अपने कमरे में चली गई। करीब एक घंटे तक कमरे से कोई हलचल नहीं हुई तो भाई ने उसे आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा अंदर से बंद था। बाद में अंदर झांककर देखा गया तो खुशबू फंदे से लटकी मिली।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस को छात्रा के पास से एक सुसाइड नोट मिला है, हालांकि उसमें किसी व्यक्ति को सीधे तौर पर जिम्मेदार नहीं ठहराया गया है।
तीन महीने से अलग-अलग नंबरों से आ रहे थे फोन
मृतका के भाई अभिषेक का आरोप है कि गुजरात में रहने वाला उनका फुफेरा भाई खुशबू को लगातार फोन कर बात करने और दोस्त बनने का दबाव बना रहा था। परिवार की ओर से उसे समझाने और उसकी मां से शिकायत करने के बावजूद कथित तौर पर उसकी हरकतें नहीं रुकीं।
परिजनों का कहना है कि खुशबू ने नंबर ब्लॉक कर दिया था, इसके बावजूद पिछले करीब तीन महीनों से अलग-अलग नंबरों से फोन किए जा रहे थे। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने एक बार सोशल मीडिया पर खुशबू की तस्वीर अपलोड कर उसे अपनी दोस्त बताया था। शिकायत के बाद तस्वीर हटाई गई थी।
चकेरी इंस्पेक्टर अजय प्रकाश मिश्रा के मुताबिक, पुलिस ने सुसाइड नोट बरामद किया है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आरोपों की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








