कोटा में NEET छात्रा की मौत, फ्लैट में फंदे से लटकी मिली

0

कोटा :  राजस्थान के कोटा में NEET की तैयारी कर रही 20 वर्षीय छात्रा ने मंगलवार शाम आत्महत्या कर ली। छात्रा लैंडमार्क सिटी स्थित अपने फ्लैट में फंदे से लटकी मिली। घटना के समय उसकी छोटी बहन कोचिंग गई हुई थी और लौटने के बाद उसने बहन को इस हालत में देखा।

मृतका की पहचान मध्य प्रदेश के छतरपुर निवासी खुशबू पटेल के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, खुशबू वर्ष 2023 से कोटा में रहकर NEET की तैयारी कर रही थी। उसकी छोटी बहन खुशी भी उसके साथ रहती थी और JEE की तैयारी कर रही है। दोनों बहनों ने इसी साल जुलाई में लैंडमार्क सिटी के ओरोलाइट मल्टी स्टोरी में फ्लैट किराए पर लिया था।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम खुशी कोचिंग से वापस फ्लैट पहुंची। दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर उसने अपनी एक सहेली को बुलाया और आसपास रहने वाले लोगों को भी जानकारी दी।

इसके बाद किसी तरह फ्लैट का लॉक खुलवाया गया। अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। खुशबू फंदे से लटकी हुई मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा को एमबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी छात्रा के परिजनों को छतरपुर में दे दी गई है। शव को एमबीएस अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया गया है। परिजनों के कोटा पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।

फिलहाल छात्रा के आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

कोटा में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों की आत्महत्याएं लंबे समय से चिंता का विषय रही हैं। ताजा घटना ने एक बार फिर छात्रों पर बढ़ते शैक्षणिक और मानसिक दबाव को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।