‘गोलमाल 5’ की रिलीज डेट का ऐलान, 8 जनवरी 2027 को आएगी फिल्म

0

डेस्क : रोहित शेट्टी की लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘गोलमाल’ की पांचवीं फिल्म ‘गोलमाल 5’ की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया गया है। फिल्म 8 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। रोहित शेट्टी ने शनिवार को सोशल मीडिया पर फिल्म का मोशन पोस्टर जारी करते हुए इसकी जानकारी दी।

फिल्म में अजय देवगन एक बार फिर मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। उनके साथ अरशद वारसी, कुणाल खेमू, श्रेयस तलपड़े और तुषार कपूर भी फ्रेंचाइजी के अपने किरदारों में लौट रहे हैं। लंबे अंतराल के बाद शरमन जोशी की भी ‘गोलमाल’ में वापसी हो रही है। वहीं, अक्षय कुमार पहली बार इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा बने हैं।

रिलीज डेट के साथ जारी किए गए मोशन पोस्टर में अजय देवगन और फिल्म के कई पुराने कलाकार नजर आ रहे हैं। हालांकि, इस पोस्टर में अक्षय कुमार दिखाई नहीं दिए। उनके किरदार को लेकर निर्माताओं ने फिलहाल पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। मीडिया रिपोर्टों में उनके किरदार को लेकर अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं, लेकिन आधिकारिक तौर पर भूमिका का खुलासा नहीं किया गया है।

‘गोलमाल 5’ ऐसे समय रिलीज हो रही है, जब इस कॉमेडी फ्रेंचाइजी ने 2026 में अपने 20 वर्ष पूरे किए हैं। इसकी शुरुआत 2006 में ‘गोलमाल: फन अनलिमिटेड’ से हुई थी। इसके बाद ‘गोलमाल रिटर्न्स’ 2008, ‘गोलमाल 3’ 2010 और ‘गोलमाल अगेन’ 2017 में रिलीज हुई थी।

फिल्म का निर्देशन रोहित शेट्टी कर रहे हैं। ‘गोलमाल 5’ का निर्माण रोहित शेट्टी पिक्चरज और टी-सीरीज के सहयोग से किया जा रहा है।