डेस्क : रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश अभिनीत बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म के अंग्रेजी संस्करण को भारतीय संस्करण से अलग रखा जाएगा। अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के लिए तैयार किए जा रहे अंग्रेजी संस्करण की अवधि हिंदी संस्करण की तुलना में करीब 30 मिनट कम होगी। इसके अलावा इसमें गाने भी शामिल नहीं किए जाएंगे।
निर्देशक नितेश तिवारी की ‘रामायण’ दो भागों में बनाई जा रही है। फिल्म के भारतीय और अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के लिए अलग-अलग संस्करण तैयार किए जा रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, अंग्रेजी संस्करण में कुछ दृश्यों को भी छोटा किया जाएगा, ताकि फिल्म की गति अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के अनुरूप रखी जा सके।
गानों के बिना दिखेगी फिल्म
रिपोर्ट में सूत्र के हवाले से बताया गया है कि अंग्रेजी संस्करण में कोई गाना नहीं होगा। भारतीय दर्शकों के लिए तैयार किए गए हिंदी और अन्य भारतीय भाषा के संस्करणों में फिल्म के संगीत और गाने बरकरार रहने की उम्मीद है। फिल्म का पहला गाना ‘जय जय राम’ पहले ही जारी किया जा चुका है। इसे ए.आर. रहमान ने संगीतबद्ध किया है और अरिजीत सिंह तथा श्रेया घोषाल ने आवाज दी है।
अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के लिए अलग प्रस्तुति
फिल्म से जुड़े सूत्रों के अनुसार, भारतीय दर्शक लंबे समय वाली फिल्मों और गीत-संगीत वाली कहानी कहने की शैली से परिचित हैं, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपेक्षाकृत संक्षिप्त फिल्में अधिक आम हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए अंग्रेजी संस्करण को छोटा और अधिक केंद्रित रखने की तैयारी की जा रही है। हालांकि, फिल्म के निर्माताओं की ओर से अंग्रेजी संस्करण की अवधि और गाने हटाए जाने को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
रणबीर राम, साई पल्लवी सीता
‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में नजर आएंगे, जबकि साई पल्लवी माता सीता का किरदार निभा रही हैं। यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में हैं। फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं।
फिल्म का पहला भाग दिवाली 2026 के दौरान सिनेमाघरों में रिलीज होने की योजना है। फिल्म को भारतीय भाषाओं के साथ अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक भी पहुंचाने की तैयारी की जा रही है।








