ज्ञानेश कुमार को लेकर सियासत गरम, पवन खेड़ा ने भाजपा पर कसा तंज

0

डेस्क : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर जारी विवाद के बीच कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने चुनाव आयोग में सामने आए मतभेदों और मुख्य चुनाव आयुक्त से जुड़े मुद्दे को लेकर भाजपा पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि अब तक जो लोग पर्दे के पीछे थे, वे सामने आ गए हैं।

पवन खेड़ा ने साधा निशाना

पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि चुनाव आयोग से जुड़े विवाद में अब तस्वीर साफ होती जा रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “डीलर गायब है, क्लाइंट सामने आ गया है।” कांग्रेस नेता का यह बयान ऐसे समय आया है जब विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर लगातार सवाल उठा रहा है।

ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष लामबंद

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर विपक्षी दलों ने संसद में भी मोर्चा खोलने की तैयारी की है। कांग्रेस ने अन्य विपक्षी दलों से संपर्क किया है और दोनों सदनों में महाभियोग प्रस्ताव लाने की तैयारी की जा रही है। विपक्ष का आरोप है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और चुनाव आयोग के कामकाज में निष्पक्षता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।

चुनाव आयोग ने दी सफाई

वहीं, चुनाव आयोग ने अपने स्तर पर सामने आए मतभेदों को लेकर कहा है कि अलग-अलग विचार और सुझाव किसी संस्थागत प्रक्रिया का हिस्सा हैं। आयोग के अनुसार, सभी फैसले निर्धारित प्रक्रिया के तहत लिए जाते हैं और वैचारिक मतभेद को टकराव के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।