ज्ञानेश कुमार पर चिदंबरम का हमला, बोले- ‘भाजपा के लिए काम कर रहे हैं’

0

डेस्क : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह भाजपा के लिए काम कर रहे हैं। चिदंबरम ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और उसके फैसलों को लेकर कई सवाल उठाए तथा संबंधित दस्तावेजों को सार्वजनिक करने की मांग की।

चिदंबरम ने कहा कि चुनाव आयोग एक बहुसदस्यीय संस्था है और उसके फैसले निर्धारित प्रक्रिया के तहत होने चाहिए। उन्होंने दावा किया कि पिछले कुछ समय में चुनाव आयोग के भीतर कई मामलों को लेकर मतभेद सामने आए हैं। उनके मुताबिक, चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने कई मामलों में लिखित आपत्तियां दर्ज की हैं।

कांग्रेस नेता ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), मतदाता सूची और चुनाव से जुड़े अन्य मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि आयोग के सभी फैसले सर्वसम्मति से लिए गए हैं तो संबंधित फाइलें और आपत्तियां सार्वजनिक की जानी चाहिए। उन्होंने चुनाव आयुक्तों की ओर से कैबिनेट सचिव को लिखे गए पत्रों को भी सार्वजनिक करने की मांग की।

चिदंबरम ने आयोग की बैठकों की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि बैठकों के एजेंडे और कार्यवाही से संबंधित जानकारी को सार्वजनिक किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दस्तावेज सामने आने के बाद ही इन मामलों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

चुनाव आयोग की ओर से पहले कहा गया है कि उसके फैसले कानून और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार लिए जाते हैं तथा आयोग के भीतर किसी सदस्य की ओर से सुझाव या अलग राय सामने आना संस्थागत प्रक्रिया का हिस्सा है।