होटल के कमरे में फाइनेंस कंपनी के ब्रांच मैनेजर की संदिग्ध मौत

0

डेस्क : फूलपुर थाना क्षेत्र में इफको पुलिस चौकी के पास स्थित एक होटल में निजी फाइनेंस कंपनी के ब्रांच मैनेजर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह सोमवार रात एक महिला मित्र के साथ होटल में ठहरा था। मंगलवार सुबह कमरे में उसकी तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलने पर होटल प्रबंधन ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान सरायममरेज थाना क्षेत्र के लोहगजरी खानपुर डांडी निवासी महेंद्र कुमार भारतीय (44) के रूप में हुई है। वह प्रतापपुर स्थित एक निजी फाइनेंस कंपनी की शाखा में ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत था।

पुलिस के अनुसार, महेंद्र सोमवार रात कार से एक महिला मित्र के साथ होटल पहुंचा था। दोनों रात में होटल के कमरे में रुके थे। मंगलवार सुबह महेंद्र की हालत बिगड़ गई। होटल संचालक की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने होटल पहुंचकर कमरे की जांच की। पुलिस ने होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है। महिला मित्र और होटल संचालक से पूछताछ की गई है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल कमरे से किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की जानकारी नहीं है। पुलिस मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर कर रही है।

डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण का पता चल सकेगा। परिजनों की ओर से फिलहाल कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस महिला का बयान दर्ज करने के साथ ही अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।