डेस्क : बिहार की राजनीति में अपनी अलग पार्टी बनाकर सक्रिय हुए तेज प्रताप यादव ने संगठन में बड़ा फैसला लिया है। जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने प्रिया सिंह वत्स को पार्टी का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया है। नियुक्ति की औपचारिक घोषणा तेज प्रताप यादव ने सोमवार को की। उन्होंने कहा कि प्रिया सिंह के संगठनात्मक अनुभव, वाकपटुता और पार्टी के प्रति प्रतिबद्धता को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है।
प्रिया सिंह वत्स पिछले महीने ही तेज प्रताप यादव की मौजूदगी में जनशक्ति जनता दल से जुड़ी थीं। पार्टी में शामिल होने के बाद से ही उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा थी। अब उन्हें राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी मिलने के बाद पार्टी की राजनीतिक गतिविधियों में उनकी भूमिका और बढ़ गई है।
मुकेश सहनी की पार्टी में भी रह चुकी हैं प्रवक्ता
जनशक्ति जनता दल में आने से पहले प्रिया सिंह वत्स मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी से जुड़ी हुई थीं। वह पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता रह चुकी हैं। पिछले बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने विकासशील इंसान पार्टी के पक्ष में प्रचार भी किया था। कई चुनावी सभाओं में वह मुकेश सहनी के साथ मंच साझा करती नजर आई थीं। हालांकि, उन्होंने विकासशील इंसान पार्टी छोड़ने का कारण सार्वजनिक रूप से स्पष्ट नहीं किया है।
राजपूत करणी सेना से भी जुड़ाव
प्रिया सिंह वत्स खुद को सामाजिक कार्यकर्ता बताती हैं। वह पटना की रहने वाली हैं और राजपूत समाज से आती हैं। लाइव हिन्दुस्तान की रिपोर्ट के अनुसार, वह श्री राजपूत करणी सेना की महिला प्रदेश अध्यक्ष भी बताती हैं। राजपूत समाज से जुड़े कार्यक्रमों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही है।
सामाजिक मुद्दों पर भी रही हैं सक्रिय
प्रिया सिंह वत्स सामाजिक और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को लेकर भी सक्रिय रही हैं। भोजपुर के चर्चित भरत तिवारी मुठभेड़ मामले में उन्होंने परिवार के साथ खड़े होकर न्याय की मांग की थी। भरत तिवारी के परिजनों की ओर से दिल्ली के जंतर-मंतर पर किए गए धरने में भी वह शामिल हुई थीं। इसके अलावा पटना के चर्चित बंटी यादव हत्याकांड में भी उन्होंने पीड़ित परिवार के लिए न्याय की मांग की है।
तेज प्रताप की पार्टी के लिए कितना अहम फैसला?
तेज प्रताप यादव की ओर से प्रिया सिंह वत्स को राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी दिए जाने को पार्टी के विस्तार की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। राजनीतिक रूप से सक्रिय और मुखर महिला चेहरे को राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी देकर जनशक्ति जनता दल अपनी राजनीतिक पहुंच बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। अब देखना होगा कि बिहार की बदलती सियासत में प्रिया सिंह वत्स की नई भूमिका पार्टी को कितना राजनीतिक लाभ पहुंचाती है।








