डेस्क : फिल्मी दुनिया में कुछ अभिनेता ऐसे हैं, जो साल में एक-दो नहीं बल्कि लगातार कई फिल्मों में नजर आते हैं। बॉलीवुड में अक्षय कुमार को लंबे समय से इस मामले में सबसे आगे माना जाता है, लेकिन 2016 से 2026 के बीच सबसे ज्यादा लीड फिल्मों में काम करने वाले अभिनेताओं की सूची में अक्षय कुमार पहले स्थान पर नहीं हैं। इस सूची में दक्षिण भारतीय सिनेमा के कलाकारों का दबदबा देखने को मिलता है।
इस दशक में सबसे ज्यादा फिल्मों में मुख्य भूमिका निभाने वाले अभिनेता ममूटी हैं। मलयालम सिनेमा के दिग्गज अभिनेता ममूटी ने 2016 से 2026 के बीच कुल 37 फिल्मों में काम किया है। इसी के साथ वह सूची में पहले स्थान पर हैं।
दूसरे स्थान पर तमिल अभिनेता विजय सेतुपति हैं। तमिल सिनेमा के साथ तेलुगु और हिंदी फिल्मों में भी नजर आ चुके विजय सेतुपति ने इस अवधि में 34 फिल्मों में काम किया है।
मलयालम अभिनेता कुंचाको बोबन 33 फिल्मों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। वहीं बॉलीवुड के सबसे ज्यादा फिल्में करने वाले अभिनेताओं में चर्चित अक्षय कुमार इस सूची में चौथे स्थान पर हैं। उन्होंने 2016 से 2026 के बीच 32 फिल्मों में काम किया है।
मलयालम सिनेमा के एक और लोकप्रिय अभिनेता टोविनो थॉमस ने भी इस दौरान 32 फिल्मों में काम किया है। इसके बाद आसिफ अली का नाम आता है, जिन्होंने पिछले एक दशक में 28 फिल्मों में अभिनय किया।
सूची में मोहनलाल 27 फिल्मों के साथ सातवें और पृथ्वीराज सुकुमारन भी 27 फिल्मों के साथ आठवें स्थान पर हैं। बॉलीवुड से राजकुमार राव इस सूची में दूसरे अभिनेता हैं, जिन्होंने 2016 से 2026 के बीच 25 फिल्मों में काम किया है।
आंकड़े बताते हैं कि पिछले एक दशक में लगातार फिल्में करने के मामले में दक्षिण भारतीय सिनेमा के कलाकारों ने बॉलीवुड के बड़े सितारों को पीछे छोड़ा है। ममूटी का 37 फिल्मों का आंकड़ा इस सूची में सबसे ऊपर है, जबकि अक्षय कुमार 32 फिल्मों के साथ चौथे स्थान पर हैं।








