सितंबर में 14 दिन नहीं होगा बैंक में कामकाज, जानें किस दिन और कहां रहेंगी छुट्टियां

0

डेस्क : सितंबर 2026 की शुरुआत के साथ बैंक ग्राहकों के लिए जरूरी खबर है। इस महीने देश के अलग-अलग हिस्सों में बैंक कुल 14 दिन बंद रहेंगे। इन छुट्टियों में राष्ट्रीय और क्षेत्रीय त्योहारों के साथ शनिवार और रविवार की छुट्टियां भी शामिल हैं। हालांकि, सभी 14 छुट्टियां पूरे देश में एक साथ लागू नहीं होंगी। अलग-अलग राज्यों और शहरों के हिसाब से बैंक अवकाश अलग-अलग हैं।

ऐसे में अगर आपको सितंबर में बैंक शाखा जाकर कोई जरूरी काम करना है तो पहले छुट्टी की तारीख जरूर जांच लें। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के बैंक हॉलिडे कैलेंडर के अनुसार सितंबर में कई दिन शाखाओं में कामकाज बंद रहेगा।

सितंबर में इन तारीखों पर बंद रहेंगे बैंक

4 सितंबर – जन्माष्टमी/कृष्ण जयंती के चलते कई स्थानों पर बैंक बंद रहेंगे।

6 सितंबर – रविवार के कारण देशभर में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी।

11 सितंबर – जयपुर में नगर निगम चुनाव के चलते बैंक बंद रहेंगे। इसी दिन बैंक कर्मचारी संगठनों ने देशव्यापी हड़ताल का भी आह्वान किया है।

12 सितंबर – श्रीमंत शंकरदेव की तिरुभाव तिथि के कारण गुवाहाटी में बैंक बंद रहेंगे।

13 सितंबर – रविवार।

14 सितंबर – गणेश चतुर्थी के अवसर पर बेलापुर, बेंगलुरु, भुवनेश्वर, चेन्नई, हैदराबाद, मुंबई, नागपुर, पणजी और विजयवाड़ा समेत कई शहरों में बैंक बंद रहेंगे।

15 सितंबर – संवत्सरी, नुआखाई और गणेश चतुर्थी के दूसरे दिन के चलते कुछ राज्यों में बैंक अवकाश रहेगा।

20 सितंबर – रविवार।

21 सितंबर – श्रीमंत शंकरदेव जन्मोत्सव और श्री नारायण गुरु समाधि के कारण कुछ शहरों में बैंक बंद रहेंगे।

22 सितंबर – करमा पूजा के चलते रांची में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी।

23 सितंबर – महाराजा हरि सिंह के जन्मदिन के कारण जम्मू और श्रीनगर में बैंक बंद रहेंगे।

25 सितंबर – इंद्रजात्रा के चलते गंगटोक में बैंक बंद रहेंगे।

26 सितंबर – महीने का चौथा शनिवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे।

27 सितंबर – रविवार।

11 सितंबर को बैंक हड़ताल का भी ऐलान

बैंक कर्मचारियों की यूनियनों ने सितंबर में हड़ताल का भी ऐलान किया है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) की ओर से 11 सितंबर को देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया गया है। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में सप्ताह में पांच दिन काम और दो दिन अवकाश की व्यवस्था लागू करना शामिल है। इसके अलावा पेंशन और परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव समेत कई अन्य मुद्दे भी शामिल हैं।

UFBU ने 28 सितंबर से तीन दिन की हड़ताल का भी ऐलान किया है। वहीं मांगों पर समाधान नहीं होने की स्थिति में 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन देशव्यापी हड़ताल की चेतावनी भी दी गई है।

बैंक की ब्रांच बंद, लेकिन ऑनलाइन सेवाएं रहेंगी जारी

बैंक की शाखाएं बंद होने के बावजूद ग्राहकों के लिए डिजिटल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। ग्राहक जरूरत के अनुसार UPI, ATM, मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग का इस्तेमाल कर सकेंगे। RTGS सेवा भी 24 घंटे और 365 दिन उपलब्ध रहती है।

इसलिए सितंबर में बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है तो छुट्टियों को ध्यान में रखते हुए पहले से प्लान करना बेहतर रहेगा। खासतौर पर चेक जमा करने, बैंक ड्राफ्ट, दस्तावेज जमा करने या शाखा में होने वाले अन्य जरूरी कामों के लिए बैंक खुलने वाले दिन की जानकारी पहले ही ले लें।