नई दिल्ली : भारत की सकल घरेलू उत्पाद यानी जीडीपी वृद्धि दर को लेकर चल रही राजनीतिक बहस के बीच केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सरकार का बचाव करते हुए आंकड़ों पर सवाल उठाने वालों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक वृद्धि के आंकड़े किसी मंत्री द्वारा तैयार नहीं किए जाते और सच्चाई को छिपाया नहीं जा सकता।
पीयूष गोयल ने कहा कि कुछ बेरोजगार लोग खुद को अर्थशास्त्री बताते हैं और टेलीविजन चैनलों पर आकर देश की अर्थव्यवस्था को लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश करते हैं। उन्होंने लोगों से ऐसे लोगों के दावों के झांसे में नहीं आने की अपील की।
7.8 प्रतिशत की वृद्धि का दिया हवाला
जीडीपी के ताजा आंकड़ों का उल्लेख करते हुए गोयल ने कहा कि अप्रैल-जून तिमाही में देश की अर्थव्यवस्था ने 7.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। उन्होंने इसे भारत के 140 करोड़ लोगों की मेहनत, क्षमता और सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया।
मंत्री ने कहा कि जब कोई व्यक्ति आंकड़ों को तोड़-मरोड़कर पेश कर लोगों का मनोबल गिराने की कोशिश करता है तो यह देश के साथ धोखा है। उनके मुताबिक, भारत की आर्थिक मजबूती के कारण वह दुनिया में एक भरोसेमंद साझेदार के रूप में उभर रहा है।
जीडीपी आंकड़ों पर विपक्ष के सवाल
जीडीपी के नए आंकड़े जारी होने के बाद विपक्ष ने सरकार पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस ने पूर्व वित्त सचिव सुभाष गर्ग के बयान का हवाला देते हुए आर्थिक वृद्धि के आधिकारिक आंकड़ों पर संदेह जताया है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि सरकार आंकड़ों के जरिए अर्थव्यवस्था की तस्वीर बेहतर दिखाने की कोशिश कर रही है।
वहीं, सरकार ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि जीडीपी की नई श्रृंखला में संशोधन बेहतर आंकड़ों, नए प्रशासनिक स्रोतों और अनुमान लगाने की बेहतर पद्धति का परिणाम है। सरकार के अनुसार, वृद्धि दर को कृत्रिम रूप से बढ़ाने के लिए आंकड़ों में बदलाव नहीं किया गया है।
‘भारत तेजी से आगे बढ़ता रहेगा’
पीयूष गोयल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार ने दूरदर्शी सोच के साथ देश को आगे बढ़ाया है और भारत की आर्थिक प्रगति लगातार जारी रहेगी।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग भारत की अर्थव्यवस्था को कमजोर बताना चाहते हैं, लेकिन उनके प्रयास सफल नहीं होंगे। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आगे भी तेजी से विकास करता रहेगा।








