जियो आईपीओ को लेकर बड़ा अपडेट, अक्टूबर में बाजार में दस्तक देने की तैयारी

0

बिजनेस डेस्क: रिलायंस इंडस्ट्रीज की डिजिटल और टेलीकॉम कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स के बहुप्रतीक्षित आईपीओ को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ अक्टूबर के अंत से पहले बाजार में दस्तक दे सकता है। मौजूदा टाइमलाइन के अनुसार आईपीओ 21 अक्टूबर से 23 अक्टूबर के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुल सकता है। वहीं, एंकर निवेशकों के लिए 19 अक्टूबर को बोली शुरू होने की संभावना है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयरों की स्टॉक एक्सचेंजों पर लिस्टिंग 28 अक्टूबर को हो सकती है। हालांकि, ये तारीखें फिलहाल संभावित हैं और बाजार की परिस्थितियों के आधार पर इनमें बदलाव किया जा सकता है। कंपनी की ओर से अभी आईपीओ की अंतिम तारीखों को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

करीब 37,700 करोड़ रुपये का हो सकता है आईपीओ

जियो प्लेटफॉर्म्स ने जून 2026 में सेबी के पास अपना ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल किया था। इसके बाद अगस्त में सेबी ने आईपीओ को आगे बढ़ाने की मंजूरी दी। प्रस्तावित इश्यू में करीब 27 करोड़ नए इक्विटी शेयर जारी किए जाने हैं। आईपीओ पूरी तरह फ्रेश इश्यू होगा, यानी इससे जुटाई गई रकम कंपनी को मिलेगी और मौजूदा शेयरधारकों की ओर से शेयरों की बिक्री नहीं होगी।

मीडिया रिपोर्ट्स में प्रस्तावित आईपीओ का आकार करीब 37,700 करोड़ रुपये यानी लगभग 3.8 से 4 अरब डॉलर बताया जा रहा है। अगर यह इश्यू इसी आकार के साथ आता है, तो यह भारतीय शेयर बाजार के सबसे बड़े आईपीओ में शामिल होगा।

27,500 करोड़ रुपये के कर्ज चुकाने में इस्तेमाल होगी रकम

DRHP के अनुसार, आईपीओ से मिलने वाली रकम का बड़ा हिस्सा रिलायंस जियो इन्फोकॉम के बकाया कर्ज को चुकाने या प्री-पेमेंट करने में इस्तेमाल किया जाएगा। कंपनी करीब 27,500 करोड़ रुपये के कर्ज को पूरी तरह या आंशिक रूप से चुकाने की योजना बना रही है। शेष रकम का इस्तेमाल सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों के लिए किया जाएगा।

निवेशकों की नजर जियो के आईपीओ पर

जियो प्लेटफॉर्म्स की प्रस्तावित लिस्टिंग को भारतीय शेयर बाजार के बड़े घटनाक्रमों में माना जा रहा है। कंपनी ने हाल के दिनों में विदेशी और घरेलू संस्थागत निवेशकों के साथ बैठकें की हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, इन बैठकों से निवेशकों की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है और कंपनी आईपीओ से जुड़ी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी है।

हालांकि, निवेशकों के लिए महत्वपूर्ण बात यह है कि आईपीओ की अंतिम तारीख, प्राइस बैंड और लॉट साइज की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। इसलिए फिलहाल 21-23 अक्टूबर की तारीख को संभावित टाइमलाइन के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।